मनोरंजन
Happy Birthday Shaan : सिर्फ हिंदी ही नहीं कई भाषाओं में अपनी आवाज दे चुके हैं शान
Tara Tandi
30 Sept 2023 10:28 AM IST

x
बॉलीवुड फिल्मों में कई बेहतरीन गानों को अपनी आवाज दे चुके प्लेबैक सिंगर शांतनु मुखर्जी यानी शान 30 सितंबर को अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। मध्य प्रदेश के खंडवा में जन्मे शांतनु मुखर्जी एक बंगाली परिवार से हैं। शान के दादा जाहर मुखर्जी एक मशहूर गीतकार थे। उनके पिता मानस मुखर्जी एक संगीत निर्देशक थे। अपने अब तक के करियर में शान ने हिंदी, बंगाली, मराठी, उर्दू, तेलुगु, कन्नड़, नेपाली, उड़िया, पंजाबी और मलयालम समेत कई भाषाओं में गाने गाकर संगीत प्रेमियों का दिल जीता है। तो आइए उनके जन्मदिन के खास मौके पर जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी खास बातें-
शान की बहन सागरिका एक सिंगर हैं। घर में शुरू से ही संगीत का माहौल होने के कारण शान का रूझान बचपन से ही संगीत की ओर था। उन्होंने महज 4 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। शुरुआत में शान विज्ञापनों के लिए जिंगल गाते थे। उन्होंने 17 साल की उम्र में बॉलीवुड में अपना करियर शुरू किया था। शान और उनकी बहन सागरिका ने पहली बार एक म्यूजिक कंपनी के लिए गाना गाया था।
शान का अपनी बहन के साथ गाया हुआ एल्बम हिट हुआ। लेकिन वह अपने एल्बम लव-ओलॉजी से मशहूर होने लगे। शान को असली पहचान उनके लिखे गाने 'भूल जा' और 'तन्हा दिल' से मिली। उनके ये दोनों गाने 1999 में रिलीज हुए थे। इसके बाद शान ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
शान ने शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन, सैफ अली खान, आमिर खान, ऋतिक रोशन, अक्षय कुमार, शाहिद कपूर, रणबीर कपूर, अभिषेक बच्चन और आर माधवन जैसे अभिनेताओं को अपनी आवाज दी है। शान ने अपने करियर में 'सा रे गा मा पा', 'सा रे गा मा पा लिटिल चैंप', 'स्टार वॉइस ऑफ इंडिया' और 'स्टार वॉइस ऑफ इंडिया 2' जैसे शो भी होस्ट किए हैं।
Next Story





