मनोरंजन
फिल्म 83 ने रिलीज के तीसरे वीकेंड में 100 करोड़ का पड़ाव पार, जड़ा 2022 का पहला शतक
Rounak Dey
10 Jan 2022 8:25 PM IST

x
तेलुगु फिल्म पुष्पा- द राइज के हिंदी वर्जन ने बेहतरीन कलेक्शन किया।
रणवीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर साल 2022 का पहला शतक जड़ दिया है। उनकी फिल्म 83 ने रिलीज के तीसरे वीकेंड में 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया। हालांकि, वक्त कुछ ज्यादा ले लिया। यह बिल्कुल उसी तरह का एहसास है, जैसे वनडे खेल में कोई खिलाड़ी टेस्ट मैच की रफ्तार से रन बनाये। बहरहाल, फिल्म के सामने चुनौतियां भी कम नहीं थीं। ऐसे में 100 करोड़ पूरा कर लेना भी एक उपलब्धि ही मानी जाएगी। जैसा कि उम्मीद जतायी जा रही थी, फिल्म ने तीसरे वीकेंड के आखिरी दिन यानी रविवार को कमाई का शतक पूरा कर लिया।
अगर चौथे वीकेंड में कलेक्शंस की बात करें तो 83 ने शुक्रवार को 80 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, शनिवार को 1.29 करोड़ और रविवार को 1.47 करोड़ जमा किये, जिसके साथ फिल्म का 17 दिनों का नेट कलेक्शन 100.56 करोड़ हो गया। ट्रेड जानकार मानते हैं कि 83 के प्रचार, बजट और स्टार कास्ट को देखते हुए फिल्म ने 100 करोड़ पहुंचने में ज्यादा वक्त ले लिया। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म को इतना कलेक्शन क्रिसमस और न्यू ईयर की छुट्टियों में यानी 1 जनवरी से पहले कर लेना चाहिए था। 83 का यह कलेक्शन सभी वर्जंस को मिलाकर है। फिल्म 24 दिसम्बर को हिंदी के अलावा सभी दक्षिण भारतीय भाषाओं और 3डी फॉर्मेट में भी रिलीज की गयी थी।
कम से कम 100 करोड़ का नेट कलेक्शन करने वाली रणवीर सिंह की छठी फिल्म बन गयी है। इससे पहले गोलियों की रास लीला राम लीला, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत, सिम्बा और गली बॉय ने 100 करोड़ से अधिक कारोबार किया था।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 83 को सिर्फ मल्टीप्लेक्स वाली ऑडिएंस ज्यादा मिली। मास सर्किट्स में फिल्म दर्शको को लुभा नहीं सकी। हालांकि, मेकर्स यह दावा करते आये हैं कि 83 के कम कलेक्शंस की वजह कोरोना के चलते हालात भी रहे। निर्देशक कबीर खान ने जागरण डॉट कॉम के साथ बातचीत में कहा था कि 83 की रिलीज होने के साथ ही कुछ राज्य नाइट कर्फ्यू में चले गये थे, जिससे नाइट शोज बंद हो गये। कुछ दिनों बाद दिल्ली के सिनेमाघर भी बंद हो गये थे। हालांकि, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि दिसम्बर के आखिरी हफ्ते में फिल्मों के सामने काफी दिक्कतें आनी शुरू हो गयीं। मगर, इन्हीं हालात में स्पाइडरमैन- नो वे होम और तेलुगु फिल्म पुष्पा- द राइज के हिंदी वर्जन ने बेहतरीन कलेक्शन किया।
Next Story





