मनोरंजन

मशहूर एक्ट्रेस सीमा देव का निधन, ‘आनंद’ फिल्म में निभाया था अहम किरदार

SANTOSI TANDI
24 Aug 2023 9:19 AM GMT
मशहूर एक्ट्रेस सीमा देव का निधन, ‘आनंद’ फिल्म में निभाया था अहम किरदार
x
फिल्म में निभाया था अहम किरदार

मनोरंजन: जगत से दुखद खबर सामने आ रही है। यादगार फिल्म ‘आनंद’ में राजेश खन्ना व अमिताभ बच्चन के साथ अहम रोल निभाने वालीं एक्ट्रेस सीमा देव का निधन हो गया है। बता दें कि सीमा उम्र संबंधी बढ़ती परेशानियों की वजह से लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनकी उम्र 81 साल थी। सीमा अल्जाइमर से जूझ रही थीं और उनका इलाज जारी था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। वह अपने बेटे अभिनय देव के साथ उनके बांद्रा स्थित आवास पर रह रही थीं।
‘आनंद’ में कैंसर से जूझ रहे राजेश खन्ना जिस डॉक्टर के पास इलाज लेते हैं, सीमा उनकी पत्नी होती है। राजेश उन्हें अपनी बहन की जैसे मानने लग जाते हैं। सीमा ने अपने किरदार को पूरी भावनाओं के साथ निभाया था। खास बात ये है कि फिल्म में सीमा के पति बने डॉक्टर रमेश देव असल जिंदगी में भी उनके पति थे। रमेश ने कई फिल्मों में काम किया।
उनका भी पिछले साल 93 साल की उम्र में हर्ट अटैक से निधन हो गया था। बहरहाल आपको बता दें कि सीमा ने कई मराठी फिल्मों के साथ-साथ बॉलीवुड में भी काम किया था। अपने फिल्मी करिअर के दौरान सीमा ने करीब 80 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। इसके अलावा सीमा कई टीवी सीरियल्स में भी नजर आई थीं।
सीमा और रमेश देव के दोनों बेटे भी हैं मनोरंजन जगत में सक्रिय
साल 1960 में मराठी फिल्म 'मिंया बीवी रजा' के जरिए उन्होंने करिअर की शुरुआत की थी। उनका निधन मनोरंजन जगत के लिए बड़ी क्षति है। साल 2020 में सीमा के बेटे ने अपनी मां की बीमारी का खुलासा किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'मेरी मां श्रीमती सीमा देव, मराठी फिल्म उद्योग की दिग्गज कलाकार अल्जाइमर से पीड़ित हैं।
हम पूरा देव परिवार, उनकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। हम कामना करते हैं कि पूरा महाराष्ट्र जो उनसे इतना प्यार करता था, वह भी उनकी सलामती के लिए प्रार्थना करें।' रमेश और सीमा देव के दो बेटे अभिनय व अजिंक्य हैं। अभिनय एक डायरेक्टर हैं और 'देल्ही बेली' जैसी फिल्म डायरेक्ट कर चुके हैं। वहीं अजिंक्य मराठी सिनेमा के जाने-माने एक्टर हैं।
Next Story