मनोरंजन

'मेट्रो... इन दिनों' में हर किसी को दिखेगा अपनी जिंदगी का अक्स- आदित्य रॉय कपूर

jantaserishta.com
13 Jun 2025 12:41 PM IST
मेट्रो... इन दिनों में हर किसी को दिखेगा अपनी जिंदगी का अक्स- आदित्य रॉय कपूर
x
नई दिल्ली: अभिनेता आदित्य रॉय कपूर अपनी आने वाली फिल्म 'मेट्रो... इन दिनों' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म की शामिल कहानियों से भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे। आदित्य का कहना है कि अगर लोग इस फिल्म से खुद को जोड़ पाते हैं और इसे पसंद करते हैं, तो यह फिल्म की सफलता होगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि लोगों को फिल्म में अपनी कहानी जरूर मिलेगी।
'मेट्रो... इन दिनों' साल 2007 में आई फिल्म 'लाइफ इन ए... मेट्रों' का सीक्वल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचाया था और दुनियाभर में करीब 24.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू के दौरान जब आदित्य से पूछा गया कि उनकी आने वाली फिल्म से क्या उम्मीदें हैं, तो उन्होंने कहा, "सच कहूं तो, जब भी आप कोई फिल्म बनाते हैं, तो उम्मीद होती है कि सब लोग उसे पसंद करें और प्यार करें। लेकिन मैं नतीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचता।"
आदित्य ने कहा, "सबसे बड़ी बात यह है कि लोग फिल्म को समझें और उससे अपने आप को जोड़ पाएं।" उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि लोग इन कहानियों से जुड़ पाएंगे। इस फिल्म की खास बात यह है कि हर किसी को कोई न कोई कहानी अपनी लगती है। फिल्म का टैगलाइन भी है- 'आपकी अपनी कहानी।'"
एक्टर का दावा है कि हर किसी को फिल्म की किसी न किसी कहानी में अपनी जिंदगी का अक्स जरूर दिखेगा। आदित्य ने कहा, "फिल्म में ऐसी कोई न कोई कहानी होगी, जिससे आप खुद को जोड़ पाएंगे। मैं बस उम्मीद करता हूं कि लोग फिल्म से जुड़ें और इसे पसंद करें। अक्सर ऐसा होता है कि अगर लोग फिल्म से जुड़ते हैं और उसे पसंद करते हैं, तो फिल्म अच्छी चलती है। और हां, यह बहुत अच्छा होगा, है ना? तो बस, उम्मीद है कि ऐसा हो।"
इस फिल्म में आदित्य रॉय कपूर के साथ एक्ट्रेस सारा अली खान हैं। 'मेट्रो... इन दिनों' में आधुनिक और जटिल रिश्तों की कहानी है। फिल्म में आदित्य रॉय कपूर और सारा अली खान के अलावा, अली फजल, फातिमा सना शेख, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, अनुपम खेर और नीना गुप्ता जैसे मशहूर कलाकार हैं। यह फिल्म 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story