मनोरंजन
बादशाह से अलग हुईं ईशा रिखी, बोलीं- निजी जिंदगी का तमाशा नहीं बनाना चाहती
jantaserishta.com
5 Sept 2026 3:42 PM IST

x
नई दिल्ली: पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी ने पहली बार रैपर-सिंगर बादशाह के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। ईशा ने पुष्टि की है कि दोनों अब अलग हो चुके हैं। हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते से जुड़ी निजी बातों को सार्वजनिक करने से साफ इनकार किया है। एक इंटरव्यू में ईशा ने कहा कि उनके पास कहने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन वह अपनी निजी जिंदगी को लोगों के सामने तमाशा नहीं बनाना चाहतीं।
ईशा बोलीं- यह अध्याय अब अतीत का हिस्सा है
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में ईशा रिखी ने कहा कि उनके रिश्ते को लेकर काफी कुछ कहा जा सकता है, लेकिन वह इस बारे में फिलहाल बात नहीं करना चाहतीं। उनके मुताबिक यह सब अब अतीत का हिस्सा है और वह अपनी जिंदगी के इस अध्याय को सम्मान के साथ खत्म करना चाहती हैं।
बादशाह के साथ मौजूदा रिश्ते के बारे में पूछे जाने पर ईशा ने इसे जटिल बताया। उन्होंने कहा कि वह उस समय का इंतजार कर रही हैं, जब वह इस पूरे मामले पर खुलकर बात करने और हर सवाल का जवाब देने की स्थिति में होंगी। फिलहाल वह अपनी जिंदगी में चल रही एक अलग तरह की लड़ाई से गुजर रही हैं।
ईशा ने यह भी कहा कि वह अपने साथ हुई खराब घटनाओं की वजह से कड़वी इंसान नहीं बनना चाहतीं। हालांकि, उन्होंने माना कि इस दौर से उबरने में उन्हें काफी समय लग सकता है।
सोशल मीडिया पर हुआ था अलग होने का ऐलान
बादशाह और ईशा रिखी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने अलग होने की जानकारी दी थी। दोनों की सीक्रेट शादी के करीब पांच महीने बाद यह घोषणा सामने आई थी। बादशाह ने अपने बयान में कहा था कि अलग होने का फैसला आपसी सहमति से लिया गया है। उन्होंने लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की थी और कहा था कि रिश्ते को लेकर आगे किसी तरह के कयास न लगाए जाएं।ईशा ने भी यही बयान अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया था।
जुलाई से शुरू हुई थीं अनबन की खबरें
दोनों के रिश्ते में तनाव की चर्चा जुलाई में तेज हुई थी। 26 जुलाई को ईशा ने बादशाह के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए एक पोस्ट में लिखा था कि हर तूफान अपने साथ कोई सीख लेकर आता है। इसके साथ उन्होंने टूटे दिल वाला इमोजी भी लगाया था।
इसके बाद ईशा ने एक नोट में कहा था कि वह लंबे समय तक डर की वजह से चुप रहीं, लेकिन अब अपने आत्मसम्मान के लिए बोल रही हैं। इसी दौरान उनकी मां पूनम रिखी ने भी कर्म से जुड़ी पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
जून में किया था शादी का खुलासा
ईशा रिखी ने इसी साल जून में इंस्टाग्राम के ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान बादशाह के साथ अपनी शादी की पुष्टि की थी। हालांकि, दोनों ने शादी के बाद भी अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से ज्यादा चर्चा नहीं की।
अब अलग होने की पुष्टि के बीच यह भी रिपोर्ट सामने आ रही है कि ईशा रिखी जल्द ही सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ सकती हैं।
#बादशाह की निजी जिंदगी और करियर
बादशाह का यह दूसरा तलाक है। इससे पहले उन्होंने 2012 में जैस्मिन मसीह से शादी की थी। दोनों की 2017 में बेटी जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह हुई। मतभेदों के बाद दोनों 2020 में अलग हो गए थे।
बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। उन्होंने 2006 में ‘माफिया मुंडीर’ से संगीत की शुरुआत की थी। ‘प्रॉपर पटोला’ और ‘डीजे वाले बाबू’ जैसे गानों से उन्हें देशभर में पहचान मिली। बॉलीवुड में ‘सैटरडे सैटरडे’ और ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है’ जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता बढ़ाई। हाल ही में उनका मराठी हिप-हॉप गाना ‘चिमना’ भी रिलीज हुआ है।
करियर में कई विवाद भी रहे
बादशाह का नाम ‘गेंदा फूल’ के क्रेडिट विवाद, फेक व्यूज और फर्जी फॉलोअर्स के मामले और ‘सनक’ गाने से जुड़े धार्मिक विवाद में भी सामने आया। ‘गेंदा फूल’ विवाद के बाद उन्होंने लोक कलाकार रतन कहार से संपर्क कर उन्हें आर्थिक मदद दी थी। वहीं फेक व्यूज के आरोपों को उन्होंने खारिज किया था। ‘सनक’ को लेकर विवाद के बाद उन्होंने माफी मांगते हुए गाने का नया वर्जन जारी किया था।
इस समय बादशाह और ईशा रिखी का रिश्ता खत्म हो चुका है, लेकिन ईशा के बयान से साफ है कि वह इस निजी अध्याय को सार्वजनिक बहस का विषय बनाने के बजाय अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





