मनोरंजन

सम्राट पृथ्वीराज चौहान : ‘राजमाता’ की भूमिका के लिए पद्मिनी ने की खूब मेहनत, सुनाया मजेदार किस्सा

jantaserishta.com
3 Jun 2025 3:28 PM IST
सम्राट पृथ्वीराज चौहान : ‘राजमाता’ की भूमिका के लिए पद्मिनी ने की खूब मेहनत, सुनाया मजेदार किस्सा
x
मुंबई: फिल्म इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक फिल्म देने वाली बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी 11 साल बाद छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। पद्मिनी 'चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान' में राजमाता की भूमिका में नजर आएंगी। अभिनेत्री ने बताया कि ‘राजमाता’ के किरदार के लिए उन्होंने कैसे और क्या तैयारी की।
पद्मिनी ने बताया कि राजमाता की भूमिका उनके करियर का एक खास अनुभव रहा है। उन्होंने इस किरदार को निभाने के लिए खूब मेहनत की। अभिनेत्री ने बताया, "मैंने ऐतिहासिक किताबें, लोक कथाएं और डॉक्यूमेंट्री देखी ताकि उस दौर को समझ सकूं। राजमाता सिर्फ पृथ्वीराज की मां ही नहीं थीं, बल्कि उनकी ताकत और मार्गदर्शक भी थीं। एक मां के तौर पर मैं उनकी भावनाओं को समझ सकती हूं। इस किरदार को निभाना मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी थी।"
पद्मिनी ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने इस विषय पर इतना सर्च किया कि उनका फोन अब भी सिर्फ पृथ्वीराज और उस युग से जुड़ी चीजें ही सुझाता है। उन्होंने राजमाता की शांत ताकत और गरिमा को पर्दे पर लाने के लिए हर छोटी-बड़ी बात पर ध्यान दिया।
टेलीविजन पर वापसी को लेकर उत्साहित पद्मिनी कोल्हापुरी ने कहा, "चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान की दुनिया में कदम रखना मेरे लिए बेहद खास है, न केवल इसलिए कि मैं इसमें दमदार भूमिका निभा रही हूं, बल्कि इसलिए भी कि यह लगभग 11 वर्षों के बाद टेलीविजन पर मेरी वापसी है। टेलीविजन पर मेरा सफर सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के साथ शुरू हुआ था और अब, इतने सालों के बाद मैं उसी चैनल पर एक ऐसी भूमिका के साथ लौट रही हूं, जो चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक दोनों है।"
उन्होंने कहा, "जब मुझे राजमाता की भूमिका के लिए ऑफर मिला तो मुझे इससे जुड़ाव महसूस हुआ। ऐसी भूमिका मिलना दुर्लभ है, जिसमें इतनी गहराई हो। वह सिर्फ एक रानी या मां नहीं है, वह राज्य की आत्मा हैं। राजमाता की भूमिका निभाना उन सभी मजबूत महिलाओं को सम्मान देने जैसा है, जिन्होंने पर्दे के पीछे से शांति के साथ देश की मजबूती में अहम भूमिका निभाई।"
किरदार के बारे में अभिनेत्री ने बताया, “पृथ्वीराज के साथ राजमाता का रिश्ता खूबसूरत है। वह उनकी मार्गदर्शक और सहारा हैं। इस तरह के मजबूत किरदार को स्क्रीन पर जीवंत करना सम्मान की बात है और मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस किरदार के साथ उतनी ही गहराई से जुड़ेंगे, जितनी मैं जुड़ी हूं।"
'चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान' पृथ्वीराज के जीवन पर आधारित है, जो एक राजकुमार से एक महान योद्धा बनने की कहानी को दिखाता है। यह शो उनकी चुनौतियों, जीत और उस विरासत को दिखाएगा, जिसने उन्हें इतिहास में अमर कर दिया।
शो में पद्मिनी कोल्हापुरी के साथ अनुजा साठे, रोनित रॉय और रूमी खान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। यह शो भारत के वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान की कहानी को पर्दे पर जीवंत करेगा और 4 जून से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story