
मारवल के फैंस के लिए खुशखबरी है। हॉलीवुड फिल्म डॉक्टर स्ट्रेंज इन मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस भारत में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है। यह फिल्म 6 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। जो फैंस फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं देख सके, उन्हें ओटीटी पर आने का इंतजार था, जो अब खत्म होने जा रहा है। ओटीटी प्लेटफॉर्म के साथ अब रिलीज डेट भी सामने आ गयी है।
डॉक्टर स्ट्रेंज इन मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 22 जून से स्ट्रीम की जा रही है। फिल्म हिंदी के साथ अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज की जाएगी, यानी दर्शक फिल्म का लुत्फ सभी भाषाओं में उठा सकते हैं। डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस 2016 में आयी फिल्म डॉक्टर स्ट्रेंज का सीक्वल है। इसका निर्देशन सैम राइमी ने किया है।
फिल्म में सुपर हीरो डॉक्टर स्ट्रेंज की उनकी डार्क साइड से कशमकश दिखायी गयी है। वांडा परिवार की मौजूदगी भी पहली बार दिखायी गयी है। बेनेडिक्ट कम्बरबैच ने डॉक्टर स्ट्रेंज का किरदार निभाया है। वांडा के रोल में एलिजाबेथ ओलसेन हैं। ये दोनों किरदार मारवल की इनफिनिटी सीरीज में भी नजर आ चुके हैं।
डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस में जो घटनाएं दिखायी गयी हैं, वो 2021 में आयी स्पाइडमैन- नो वे होम के कुछ महीने बाद के समय में सेट हैं।
फिल्म ने भारत में सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन किया था। फिल्म को सभी भाषाओं में 27.50 करोड़ की शानदार ओपनिंग मिली थी। ओपनिंग वीकेंड में 79.50 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि लाइफ टाइम कलेक्शन 126.90 करोड़ रहा था। साल 2022 में अभी तक रिलीज हुई सबसे कामयाब हॉलीवुड फिल्म है। फिल्म का ट्रेलर आप नीचे देख सकते हैं।