![हर फन में कला का प्रदर्शन, किशोर दा को मिले भारत रत्न हर फन में कला का प्रदर्शन, किशोर दा को मिले भारत रत्न](https://jantaserishta.com/h-upload/2023/03/23/2683255-105.webp)
एंटरटेनमेंट : भजन सम्राट पद्मश्री से सम्मानित अनूप जलोटा ने गुड़ी पर्व पर खंडवा में भजन संध्या की। वे हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की समाधि पर गए, जहां किशोर दा को नमन किया और सरकार से गुहार लगाई कि समाधि स्थल की तरह ही उनके पैतृक घर को भी सहेजा जाए। यहां उन्होंने किशोर कुमार के गीत गुनगुनाए और कहा कि, नए कलाकार भी उन्हें गुनगुनाते हैं, मैं भी खंडवा की भजन संध्या में उनके गीत गाऊंगा। अनूप जलोटा ने कहा, फिर से बिग बॉस में जाने का मौका मिले तो अब कैटरीना कैफ को साथ लेकर जाऊंगा।
खंडवा में भजन संध्या में प्रस्तुति देने पहुंचे अनूप जलोटा ने किशोर कुमार समाधिस्थल पर मीडिया से बात करते हुए पठान, नाटू-नाटू, कुमार विश्वास के मुद्दे पर भी बात की। बॉलीवुड में बॉयकॉट के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बॉयकॉट जैसा कुछ नहीं होता। जनता को जो पसंद होता है, उसे देखने वो जरूर थियेटर तक जाती है। पठान फिल्म देखने में लोगों को मजा आया, इसलिए वो हिट हुई।
अनूप जलोटा ने नाटू-नाटू को ऑस्कर मिलने पर खुशी जाहिर की। कहा कि उसके म्यूजिक डायरेक्टर को मैंने व्यक्तिगत भी बधाई दी। बिग बॉस के सवाल पर जब जलोटा ने कैटरीना के साथ जाने की बात कही तो ठहाके लग पड़े। उन्होंने यहां 'कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना...' गीत भी गुनगुनाया। कहा कि, संगीत ही ईश्वर है, ईश्वर ही संगीत है। भजनों का दौर कभी समाप्त नहीं होगा। ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन भजन बच्चे, जवान भी गाते थे और बुढ़े भी गा रहे है। इसलिए कहता हूं कि भजन का दौर कभी खत्म नहीं होगा।
जलोटा ने कहा कि, खंडवा ने एक ऐसा गायक कलाकार दिया जिसने अपनी गायकी के क्षेत्र में देश ही नहीं पूरे विश्व में धूम मचा दी। किशोर दा मेरे भी आदर्श रहे हैं और मेरे साथ में उन्होंने गाने भी गाए। किशोर दा की समाधि को देखकर मन प्रसन्न हुआ। किशोर दा अपने आप में एक रत्न है। किशोर दा के चाहने वाले और संगीत प्रेमी चाहते हैं कि एक ऐसा गायक कलाकार जिसने हर फन में अपनी कला का प्रदर्शन किया, ऐसे कलाकार को भारत रत्न मिलना ही चाहिए।
![Teja Teja](/images/authorplaceholder.jpg)