मनोरंजन

कमल हासन और निर्माता कलईपुली एस थानु के बीच खत्म हुए मतभेद

Bharti Sahu 2
16 May 2024 1:43 AM GMT

कमल हासन: कमल हासन और निर्माता कलईपुली एस थानु के बीच फिल्म आलवंधन के समय से चला आ रहा विवाद अब खत्म हो गया है। दोनों को एक कार्यक्रम में एक दूसरे का अभिवादन करते हुए देखा गया।

कमल हासन और निर्माता कलईपुली एस थानु के बीच लंबे समय से चल रहा मनमुटाव अब खत्म हो चुका है। हाल ही में दोनों को एक कार्यक्रम के दौरान साथ देखा गया। फिल्म आलवंधन के फ्लॉप होने के बाद दोनों की एक-दूसरे से कहा-सुनी हो गई थी, लेकिन दक्षिण भारतीय टूरिंग सिनेमा ओनर्स एसोसिएशन के संस्थापक डी रामानुजम के शताब्दी समारोह के कार्यक्रम में दोनों के बीच वर्षों की दूरियां समाप्त हो गईं।

एक-दूसरे का अभिवादन करते आए नजर

कई दिग्गजों ने निर्माता कलाईपुली एस थानु के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। जब निर्माता ने कमल को एक स्मृति चिन्ह भेंट किया तो दोनों को एक-दूसरे का अभिवादन करते देखा गया। इसके बाद कार्यक्रम में बोलते हुए कमल हासन ने इस आयोजन के लिए थानु को धन्यवाद दिया। वे परोक्ष रूप से झगड़े और बहस के दौरान भी इंडस्ट्री में शिष्टाचार बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बात करते नजर आए।

बता दें कि आलवंधन (2001) में एक साथ काम करने के बाद कमल हासन और थानु के बीच मनमुटाव हो गया था। उन्होंने फिल्म के बजट को लेकर कमल पर आरोप लगाए थे। साथ ही, निर्माता ने शुरुआती स्क्रिप्ट पर कायम न रहने का भी आरोप लगाया था। यह फिल्म 2001 में रिलीज़ हुई थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई क्योंकि फिल्म अपने समय से काफी आगे थी। साल 2023 को फिर से रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों की जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली थी।

Next Story