मनोरंजन

फिल्म 'द केरल स्टोरी' के क्रू मेंबर को अज्ञात ने दी धमकी

Nilmani Pal
9 May 2023 1:24 AM GMT
फिल्म द केरल स्टोरी के क्रू मेंबर को अज्ञात ने दी धमकी
x
ब्रेकिंग

मुंबई। डायरेक्टर सुदिप्तो सेन की फिल्म 'द केरल स्टोरी' ट्रेलर रिलीज के वक्त से ही लगातार सुर्खियों में है। फिल्म को लेकर काफी विवाद भी हो रहा है। कई राज्यों में इस फिल्म को बैन किए जाने की मांग उठ रही है और खूब विरोध झेलना पड़ रहा है। इसी बीच 'द केरल स्टोरी' के एक क्रू मेंबर को धमकी मिली है। क्रू मेंबर को एक मैसेज भेजा गया है, जिसमें घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है। इसकी जानकारी 'द केरल स्टोरी' के डायरेक्टर सुदिप्तो सेन ने मुंबई पुलिस को दी है।

Sudipto Sen ने मुंबई पुलिस को बताया कि उनके किसी क्रू मेंबर को एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। उस मैसेज में लिखा था कि अकेले घर से मत निकलना। यह बात क्रू मेंबर ने सुदिप्तो सेन को बताई। सूत्रों के मुताबिक, अंबोली पुलिस के थाना क्षेत्र में उनका कार्यालय है, इस वजह से अंबोली पुलिस को इस मामले का संज्ञान लेने के लिए कहा गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया की ज़रूरत पड़ी तो इनकी सुरक्षा भी बढ़ाई जाएगी। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। एएनआई के मुताबिक, क्रू मेंबर को भेजे गए धमकी भरे मैसेज में लिखा था, 'अकेले घर से बाहर मत निकलना। यह कहानी दिखाकर अच्छा नहीं किया।' चूंकि इस मामले में लिखित शिकायत नहीं दी गई है, इसी वजह से अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है। लेकिन पुलिस ने क्रू मेंबर को सुरक्षा दी है।

मालूम हो कि The Kerala Story 5 मई को थिएटर्स में रिलीज हुई। लेकिन रिलीज से पहले से ही यह विवादों में घिरी है। कुछ राज्यों में इसे बैन भी किया जा चुका है। फिल्म में दिखाया गया है कि केरल में कैसे 32 हजार लड़कियों का धर्मांतरण कराकर उन्हें आतंकी संगठन ISIS में शामिल किया जाता है। 'द केरल स्टोरी' में दावा किया गया है कि केरल राज्य की 32 हजार लड़कियां अचानक ही गायब हो गई थीं। फिर धर्मांतरण के बाद वो आतंकी समूह आईएसआईएस में शामिल हो गई थीं। इस फिल्म में अदा शर्मा, सोनिया बलानी और योगिता बिहानी लीड रोल में हैं।


Next Story