मनोरंजन

चेतन भगत ने 'पान मसाला ब्रांडेड अवार्ड शो' में माधवन पर साधा निशाना, एक-दूसरे को मारे जमकर ताने

Neha Dani
21 Dec 2021 3:41 AM GMT
चेतन भगत ने पान मसाला ब्रांडेड अवार्ड शो में माधवन पर साधा निशाना, एक-दूसरे को मारे जमकर ताने
x
सोशल मीडिया में दोनों अपने वही किरदार आगे बढ़ा रहे हैं।

आर माधवन की गिनती इंडस्ट्री के उन कलाकारों में होती है, जो आम तौर पर शांत रहते हैं और विनम्रता से बात करते हैं, मगर सोमवार को उनका दूसरा रूप ट्विटर पर देखने को मिला। माधवन जाने-माने लेखक चेतन भगत से भिड़ गये और दोनों के बीच ट्वीट वॉर छिड़ गया। माधवन ने चेतन की किताबों की खिंचाई करते हुए यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें किताबों से इतना ही प्यार है तो वो उनके शो में क्या कर रहे हैं। आपको बता दें कि नेटफ्लिक्स के शो डिकपल्ड (Decoupled) में माधवन और सुरवीन चावला लीड रोल्स में हैं। इस शो में चेतन भगत ने भी स्पेशल एपीयरेंस दिया है और अपना रियल लाइफ किरदार निभाया है।



इसकी शुरुआत नेटफ्लिक्स के ट्वीट से हुई, जिसमें कहा गया- आइए इसे सुलझाते हैं- बुक्स, मूवीज से बड़ी हैं या मूवीज, बुक्स से बड़ी हैं। इस ट्वीट पर लीड लेते हुए चेतन ने लिखा- मेरी किताबें और उन पर बनी हुई मूवी। इस पर माधवन ने लिखा कि उनके लिए किताबों से अधिक अहम मूवीज हैं।
इस पर चेतन ने सवाल किया कि क्या कभी आपने सुना है, मूवीज किताबों से बेहतर होती हैं? इस पर माधवन ने लिखा- हां, 3 इडियट्स। इस पर चेतन ने लिखा कि आप 3 इडियट्स की धौंस मुझे दिखा रहे हो? गाने वालों को उपदेश मत दो, मेरी किताबें पढ़ो। बता दें, राजकुमार हिरानी निर्देशित 3 इडियट्स चेतन के नॉवल फाइव पॉइंड समवन पर बनी है। इस फिल्म में आमिर खान के साथ शरमन जोशी और आर माधवन मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा थे। करीना कपूर खान ने फीमेल लीड रोल निभाया था।
चेतन के इस ताने पर माधवन ने अपना पंच मारा- अगर किताबों से इतना ज्यादा प्यार करते हो तो मेरी सीरीज में क्या कर रहे हो? इस पर चेतन ने जवाब दिया- मैं पान मसाला ब्रांड शो के मुकाबले पुलित्जर प्राइज को प्राथमिकता दूंगा। माधवन भी कहां हार मानने वाले थे। एक्टर ने कहा कि बेस्ट सेलर्स का हिस्सा बनने से बेहतर वो 300 करोड़ क्लब का मेंबर बनेंगे। इस पर चेतन ने कहा कि मैं किसी फिल्म का फरहान कहलाने से अच्छा चेतन भगत कहलाना पसंद करूंगा। 3 इडियट्स में माधवन के किरदार का नाम फरहान था। इस पर माधवन ने लिखा- मैं बस फरहान के नाम से नहीं जाना जाता हूं। मैं तनु वेड्स मनु के मनु, अलाइपेयुथे के कार्तिक और मेरा सबसे पसंदीदा, मैडी, क्योंकि मैं रहता हूं सबके दिल में। माधवन और चेतन के बीच यह ट्विटर फाइट देर रात तक चली।
इससे पहले की आप माधवन और चेतन की इस फाइट को लेकर सीरियस हों, आपको बता दें कि माधवन और चेतन के बीच यह ट्विटर वार असल में इस शो की प्रमोशनल स्ट्रेटजी है, जिसके तहत दोनों सेलेब्रिटी ट्विटर पर एक-दूसरे की खिंचाई कर रहे हैं, क्योंकि शो में भी माधवन का किरदार सेलेब्रेटेड राइटर है और वो चेतन भगत को अपमानित करता है। सोशल मीडिया में दोनों अपने वही किरदार आगे बढ़ा रहे हैं।
Next Story