मनोरंजन

गलत हरकत पर चेलो मीम ने तुरंत जताई आपत्ति वीडियो वायरल

nidhi
22 Sept 2026 2:08 PM IST
गलत हरकत पर चेलो मीम ने तुरंत जताई आपत्ति वीडियो वायरल
x
चेलो मीम ने शख्स को लगाई फटकार पुराना वीडियो चर्चा में

नई दिल्ली: कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ से चर्चा में आईं अरुणाचल प्रदेश की कंटेंट क्रिएटर चेलो मीम (Chello Meme) का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर वायरल हो रहा है। यह वीडियो साल 2021 का बताया जा रहा है, जिसमें चेलो एक व्यक्ति को कथित तौर पर गलत तरीके से छूने पर सार्वजनिक रूप से फटकार लगाती नजर आ रही हैं।

गुवाहाटी बस टर्मिनल की बताई जा रही घटना
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना उस समय की है जब चेलो 19 साल की थीं और गुवाहाटी के आईएसबीटी से नई दिल्ली जाने के लिए यात्रा कर रही थीं। वह अरुणाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए नेशनल यूथ पार्लियामेंट 2021 में हिस्सा लेने जा रही थीं। चेलो ने वीडियो में आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति ने उन्हें कई बार गलत तरीके से छुआ। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद भीड़ या किसी गलती के कारण ऐसा हुआ होगा, लेकिन जब कथित घटना दोहराई गई तो उन्होंने उस व्यक्ति को वहीं रोककर सवाल किया।
वीडियो में शख्स को लगाती दिखीं फटकार
वायरल क्लिप में चेलो उस व्यक्ति से नाराजगी जताते हुए उसके व्यवहार पर सवाल करती नजर आती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बाद में वह व्यक्ति उनके सामने माफी मांगता दिखाई देता है। यह वीडियो 2021 में भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में आया था। अब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में चेलो की लोकप्रियता बढ़ने के बाद यह पुराना वीडियो दोबारा सामने आया है। सोशल मीडिया पर लोग उनके पुराने वीडियो को उनके बेबाक अंदाज से जोड़कर देख रहे हैं।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से मिली नई पहचान
चेलो मीम हाल ही में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ के पांचवें एपिसोड में नजर आई थीं। उन्होंने पूर्वोत्तर भारत के लोगों से जुड़े अनुभवों और नस्लीय पूर्वाग्रह पर रैप प्रस्तुत किया था। इसके बाद समय रैना के साथ उनकी बातचीत भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
चेलो ने एपिसोड में औसतन 9 अंक हासिल किए और विजेता बनीं। उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ अन्य इनाम भी मिले। शो में उनके जवाब और समय रैना के साथ हुई मजेदार बातचीत ने उन्हें सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय बना दिया।

पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर आई थीं चर्चा में
2021 में चेलो ने अरुणाचल प्रदेश के राज्यस्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने नेशनल यूथ पार्लियामेंट में राज्य का प्रतिनिधित्व किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उस समय आत्मनिर्भर भारत पर दिए गए उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से मिली नई पहचान के बीच चेलो का करीब पांच साल पुराना वीडियो फिर सामने आने से उनकी पुरानी यात्रा भी चर्चा में आ गई है।
Next Story