
Entertainment मनोरंजन : ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर इन दिनों कई शानदार फिल्में दर्शकों की पसंद बनी हुई हैं। हर दिन बदलती ट्रेंडिंग लिस्ट में इस बार बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड की फिल्मों का जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि लंबे समय बाद वकील के किरदार में नजर आए अभिनेता सनी देओल की फिल्म 'इक्का' ने रिलीज होते ही धमाका कर दिया है और नेटफ्लिक्स की टॉप 10 ट्रेंडिंग फिल्मों में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
सनी देओल की 'इक्का' एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें अभिनेता एक बार फिर वकील के काले कोट में नजर आ रहे हैं। फिल्म में उनके साथ दमदार अभिनेता अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका में हैं। 10 जुलाई को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और रिलीज के तुरंत बाद यह नेटफ्लिक्स पर नंबर-1 ट्रेंड करने लगी है।
ट्रेंडिंग लिस्ट में दूसरे नंबर पर साउथ सुपरस्टार राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' बनी हुई है। यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं। फिल्म की कहानी और कलाकारों के प्रदर्शन को लेकर दर्शकों में काफी चर्चा है।
तीसरे स्थान पर बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म 'पति पत्नी और वो 2' ने जगह बनाई है। थिएटर में दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद अब यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी लोकप्रिय हो रही है। कॉमेडी और रिश्तों पर आधारित इस फिल्म को दर्शक पसंद कर रहे हैं।
चौथे नंबर पर 'दादी की शादी' ट्रेंड कर रही है। यह एक फैमिली कॉमेडी फिल्म है, जिसमें कपिल शर्मा और नीतू कपूर नजर आ रहे हैं। फिल्म से रिद्धिमा कपूर ने अभिनय की शुरुआत की है, जिसकी वजह से भी यह चर्चा में बनी हुई है।
पांचवें स्थान पर तेलुगू म्यूजिकल ड्रामा फिल्म 'सिंग गीतम' मौजूद है। फिल्म में अयान और अहिल्या मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके बाद छठे नंबर पर तमिल एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ब्लास्ट' है, जो अपनी तेज रफ्तार कहानी के कारण दर्शकों का ध्यान खींच रही है।
नेटफ्लिक्स की इस लिस्ट में हॉलीवुड फिल्म 'एनोला होम्स 3' सातवें स्थान पर है। फिल्म में एनोला अपने भाई को बचाने के लिए एक रहस्यमयी खजाने की तलाश में निकलती है। इसकी रोमांचक कहानी दर्शकों को पसंद आ रही है।
आठवें नंबर पर अभिनेता अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' बनी हुई है। थिएटर में इसे मिश्रित प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन ओटीटी पर फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
नौवें स्थान पर अभिनेता रितेश देशमुख की फिल्म 'छत्रपति शिवाजी महाराज' ट्रेंड कर रही है। इस फिल्म में रितेश ने निर्देशन के साथ मुख्य भूमिका भी निभाई है। ऐतिहासिक विषय पर बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
वहीं, दसवें नंबर पर हॉलीवुड फिल्म 'वॉइसमेल्स फॉर इजाबेल' है। फिल्म की कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बहन की मौत के बाद उसके नंबर पर वॉइसमेल भेजती है। बाद में वही नंबर एक बड़े बिजनेसमैन के पास चला जाता है और कहानी एक नए मोड़ पर पहुंचती है।
नेटफ्लिक्स की इस ताजा ट्रेंडिंग लिस्ट से साफ है कि दर्शक इन दिनों कोर्टरूम ड्रामा, स्पोर्ट्स फिल्म, कॉमेडी, हॉरर और थ्रिलर जैसी अलग-अलग जॉनर की फिल्मों को पसंद कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इन फिल्मों की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिल सकता है।





