मनोरंजन

जन्मदिन विशेष: गाने के लिए 11 साल की उम्र में घर से भाग गए थे दलेर मेहंदी, 1995 में बनाया था रिकॉर्ड

Rani Sahu
18 Aug 2021 7:50 AM GMT
जन्मदिन विशेष: गाने के लिए 11 साल की उम्र में घर से भाग गए थे दलेर मेहंदी, 1995 में बनाया था रिकॉर्ड
x
1995 में अपने पहले ही एल्बम बोलो ता रा रा रा से सबके दिलों पर छाने वाले पंजाब के मशहूर पॉप गायक दलेर मेहंदी का जन्म 18 अगस्त 1967 को बिहार के पटना में हुआ था

1995 में अपने पहले ही एल्बम बोलो ता रा रा रा से सबके दिलों पर छाने वाले पंजाब के मशहूर पॉप गायक दलेर मेहंदी का जन्म 18 अगस्त 1967 को बिहार के पटना में हुआ था। दलेर मेहंदी ने अपने गानों से दर्शकों के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाई। उनके गाने ना-ना-ना रे सहित कई गाने हैं जो आज भी लोग बड़े चाव से सुनते हैं। एक सिंगर होने के साथ-साथ दलेर मेहंदी लेखक और रिकॉर्ड प्रोड्यूसर भी हैं। दलेर मेहंदी की प्रोफेशनल जिंदगी के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी भी काफी दिलचस्प रही।

11 साल की उम्र में छोड़ दिया था अपना घर
दलेर मेहंदी आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। आपको ये जान कर हैरानी होगी कि जब दलेर मेहंदी केवल 11 वर्ष के थे तब उन्होंने गोरखपुर के उस्ताद राहत अली खान से संगीत सीखने के लिए अपना घर छोड़ दिया था। 13 साल की कम उम्र में उन्होंने पहली बार 20 हजार लोगों के सामने स्टेज पर परफॉर्म किया। यहां से ही उनकी जिंदगी में नया मोड आया और उन्हें उनके गानों और म्यूजिक के लिए एक अलग पहचान मिली।
ऐसे पड़ा था दलेर नाम
दलेर मेहंदी के जीवन की तरह ही उनका 'दलेर' नाम पड़ने के पीछे भी एक बड़ी ही दिलचस्प कहानी है। दलेर मेहंदी के माता-पिता डाकू दलेर सिंह के नाम से इतने अधिक प्रभावित हुए थे कि उन्होंने अपने बेटे का नाम ही दलेर रख दिया। लेकिन जब दलेर बड़े हुए तो मशहूर गायक परवेज मेहंदी के नाम पर ही उनके नाम के आगे दलेर सिंह की जगह 'मेहंदी' जोड़ दिया गया। इस तरह से दलेर सिंह का नाम बदलकर 'दलेर मेहंदी' पड़ गया।
अमिताभ बच्चन के साथ पहली बार किया काम
पंजाबी इंडस्ट्री में अपने म्यूजिक से तो दलेर मेहंदी खूब धमाल मचा रहे थे, लेकिन उनके दोस्त उन्हें बॉलीवुड में गाना गाते हुए देखना चाहते थे। एक बार उनके एक दोस्त ने उनसे पूछा कि वो बॉलीवुड फिल्मों के लिए कब गा रहे हैं तो इस बात का जवाब देते हुए दलेर मेहंदी ने कहा जब उन्हें पाजी बुलाएंगे तब वो बॉलीवुड में गाना गाएंगे। हालांकि ये बात सुनकर उनके दोस्त को लगा कि वो धर्मेन्द्र के बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन दलेर मेहंदी ने कहा वो अमिताभ बच्चन के फोन की बात कर रहे हैं। उनके दोस्त ने कहा वो तुम्हें क्यों बुलाएंगे। लेकिन दलेर मेहंदी ने कहा कि अमिताभ उन्हें जरूर बुलाएंगे। दोस्त के साथ हुई इस बातचीत के ठीक दो महीने बाद अमिताभ बच्चन ने उन्हें फोन किया। इसके बाद उन्हें अमिताभ बच्चन के लिए गाने का मौका मिला।
विवादों से रहा गहरा नाता
मीका सिंह की तरह ही उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी का भी विवादों से गहरा नाता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बख्शीश नामक एक व्यक्ति ने दलेर मेहंदी पर उनसे पैसे लेकर विदेश न भेजने का आरोप लगाया था। बख्शीश सिंह ने उन पर ये कहते हुए केस भी दर्ज करवाया था कि दलेर मेहंदी लोगों को विदेश भेजने के लिए उनसे पैसे लेते हैं। उनका आरोप था की दलेर मेहंदी ने 3 लड़कियों सहित 10 लोगों को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर भेजा है। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि यह 1998 से चल रहा है। जिसके बाद दलेर मेहंदी को गिरफ्तार किया गया। दलेर मेहंदी मानव तस्करी मामले में 2 साल की सजा भी काट चुके हैं।
यशराज से भी हो चुका है पंगा
दलेर मेहंदी के इस विवाद के अलावा उनका यशराज फिल्म्स से भी पंगा हो चुका है। विवाद तब बढ़ा जब दलेर मेहंदी ने 'झूम बराबर झूम' को लेकर यशराज फिल्म्स पर केस कर दिया था। उनका आरोप था कि यशराज ने गाने में उनकी आवाज की जगह शंकर महादेवन की आवाज का इस्तेमाल किया है। जब दलेर मेहंदी को ये बताया गया कि अमिताभ बच्चन ऐसा चाहते थे तो दलेर मेहंदी को इस बात का यकीन नहीं हुआ।
1995 में बनाया था रिकॉर्ड
1995 में दलेर मेहंदी का गाना बोलो ता रा रा रा रातों-रात लोगों के बीच इतना अधिक लोकप्रिय हुआ कि देखते ही देखते इसकी 20 मिलियन कॉपी बिक गई। इसके बाद दलेर मेहंदी ने कभी भी अपने करियर में पीछे पलटकर नहीं देखा। उन्होंने बाहुबली 2 में 'जियो रे बाहुबली' गाना गाया था जो हर किसी को बहुत पसंद आया था। अमर उजाला की टीम की तरफ से दलेर मेहंदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।


Next Story