मनोरंजन

जन्मदिन : प्राची देसाई को मिली थी प्रसिद्धि, इमरान हाशमी संग दिए थे बोल्ड सीन

Nidhi Markaam
12 Sep 2021 4:35 AM GMT
जन्मदिन : प्राची देसाई को मिली थी प्रसिद्धि, इमरान हाशमी संग दिए थे बोल्ड सीन
x
छोटे पर्दे से यूं तो कई कलाकार बॉलीवुड में किस्मत आजमाते हैं, लेकिन बहुत ही कम को सफलता मिल पाती है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। छोटे पर्दे से यूं तो कई कलाकार बॉलीवुड में किस्मत आजमाते हैं, लेकिन बहुत ही कम को सफलता मिल पाती है। इन्हीं सफल लोगों में से एक नाम प्राची देसाई का है। प्राची 12 सितंबर को अपना जन्मदिन मनाती हैं। टीवी की दुनिया से फिल्मों की हीरोइन बनने तक का उनका सफर काफी लंबा रहा। उनका जन्म 12 सितंबर, 1988 को सूरत, गुजरात में हुआ था। उन्होंने सेंट जोसेफ कॉन्वेंट, पंचगनी से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और फिर पुणे के सिंहगढ़ कॉलेज में पढ़ाई की।

प्राची को शुरू से ही फिल्मों में एक्टिंग का शौक था। अपने इस शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने बालाजी टेलीफिल्म्स को ऑडिशन दिया। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में साल 2006 में आए सीरियल 'कसम से' में बानी के किरदार से की। इस शो से प्राची मशहूर हो गईं। इस सीरियल में प्राची खुद से 16 साल बड़े राम कपूर के साथ नजर आईं।


अपने स्कूल के दिनों में प्राची देसाई शाहिद कपूर की बहुत बड़ी फैन हुआ करती थीं, लेकिन जैसे- जैसे वह बड़ी हुईं उनकी दीवानगी ऋतिक रोशन के लिए बढ़ने लगी। प्राची देसाई ने सिर्फ दो सीरियल में ही काम किया। इसके बाद उन्हें साल 2008 में आई फिल्म रॉक ऑन में फरहान अख्तर के साथ रोल ऑफर हुआ।


प्राची को रॉक ऑन ऐसे ही नहीं मिली थी। इसके पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। एक बार प्राची 'झलक दिखला जा' की शूटिंग कर रही थीं, तभी उनके पास एक फोन आया। प्राची निर्देशक से मिलने पहुंच गईं, लेकिन उन्हें ये नहीं पता था कि उन्हें स्क्रीन टेस्ट के लिए बुलाया गया है और कुछ देर बाद ही उन्हें ये फिल्म ऑफर कर दी गई। प्राची को तो यकीन ही नहीं हुआ कि उन्हें इतनी आसानी से फिल्म मिल भी गई।

इसके अलावा प्राची फिल्म 'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई' में इमरान हाशमी के अपोजिट नजर आईं थी। पर्दे पर इमरान हाशमी के साथ उनकी जोड़ी खूब पसंद की गई। इस फिल्म में प्राची ने इमरान के साथ बोल्ड सीन्स भी किए थे। एक इंटरव्यू के दौरान प्राची ने कहा था, 'मैं हमेशा चाहती थी कि अपने से बड़ी उम्र के हीरो के साथ काम करूं। मुझे लगता है कि बड़ी उम्र का आदमी और जवान औरत का होना, मूवी को काफी इंट्रेस्टिंग बना देता है'।


अच्छा लुक होने की वजह से प्राची को कई फिल्में ऑफर की गईं। हालांकि उन्होंने अभी तक ज्यादा फिल्मों में काम नहीं किया है और इन दिनों सिल्वर स्क्रीन से गायब हैं। वह इन दिनों किसी इवेंट में भी दिखाई नहीं देती हैं। प्राची को बॉलीवुड में करीब 12 साल से ज्यादा का समय हो चुका है। वह 'रॉक ऑन,'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुम्बई', 'बोल बच्चन', 'आई मी और मैं' , 'अजहर' और 'पुलिसगिरी' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।



Next Story