मनोरंजन

भोजपुरी फिल्म जिसमें 3 बीजेपी सांसद एक साथ, निरहुआ के चुनाव जीतते ही हो रही इसकी चर्चा

Neha Dani
27 Jun 2022 3:37 AM GMT
भोजपुरी फिल्म जिसमें 3 बीजेपी सांसद एक साथ, निरहुआ के चुनाव जीतते ही हो रही इसकी चर्चा
x
ये दोनों न केवल कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं बल्कि अक्सर साथ भी देख जाते हैं।

भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' अब बड़े पर्दे के बाद राजनीति में भी छा गए हैं। लोकसभा की आजमगढ़ की सीट पर हुए उपचुनाव में निरहुआ ने बीजेपी की टिकट पर शानदार जीत अर्जित की है। अब भोजपुरी फिल्मों के बाद निरहुआ संसद में नजर आने वाले हैं। निरहुआ की इस जीत के बाद एक बार फिर उनकी भोजपुरी फिल्में चर्चा में आ गई हैं। इस बीच एक खास फिल्म सुर्खियों में है जिसमें निरहुआ के अलावा 2 बीजेपी सांसदों ने भी काम किया था।

भोजपुरी फिल्म जिसमें 3 बीजेपी सांसद एक साथ
जी हां, आपने ठीक पढ़ा। भोजपुरी में एक ऐसी फिल्म आई थी जिसमें इस समय बीजेपी के 3 सांसदों ने एक साथ काम किया था। दरअसल भोजपुरी में एक फिल्म आई थी जिसका नाम 'गंगा जमुना सरस्वती' था। साल 2011 में आई इस फिल्म में दिनेश लाल यादव निरहुआ के अलावा भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन और मनोज तिवारी मुख्य भूमिकाओं में थे। बता दें कि निरहुआ से पहले ही रवि किशन लोकसभा की गोरखपुर सीट से और मनोज तिवारी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से बीजेपी सांसद हैं। अब चूंकि फिल्म के तीनों हीरो वर्तमान लोकसभा सांसद हैं तो इसकी चर्चा लाजिमी है।
'गंगा जमुना सरस्वती' में एक साथ थे 3 बीजेपी सांसद
बेहद गरीब परिवार में जन्मे थे निरहुआ
Dinesh lal Yadav Nirahua की बात करें तो उनका जन्म 2 फरवरी 1979 को गाजीपुर के एक गांव में हुआ था। बेहद गरीब परिवार में जन्मे निरहुआ ने काफी स्ट्रगल किया था। वह शादियों में जाकर भोजपुरी के गाने गाया करते थे। बाद में उनका एक भोजपुरी ऐल्बम निकला जो पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल से लेकर नेपाल तक काफी पॉप्युलर हुआ। इस ऐल्बम का नाम 'निरहुआ सटल रहे' था। इसी के बाद दिनेश लाल यादव का नाम निरहुआ पड़ गया।
भोजपुरी में लगातार हिट ने बनाया सुपरस्टार
म्यूजिक ऐल्बम के सफल होने के बाद निरहुआ को भोजपुरी फिल्मों के ऑफर मिलने लगे और साल 2006 में उन्होंने अपना ऐक्टिंग डेब्यू कर लिया। इसके बाद निरहुआ ने लगातार कई हिट फिल्मों में काम किया। निरहुआ भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार माने जाते हैं। निरहुआ ने साल 2000 में शादी की थी और उनके 2 बेटे और एक बेटी भी है। हालांकि फिर भी भोजपुरी ऐक्ट्रेस आम्रपाली दुबे से उनके अफेयर के चर्चे आम हैं। ये दोनों न केवल कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं बल्कि अक्सर साथ भी देख जाते हैं।

Next Story