मनोरंजन

Bharat Bhhagya Viddhaata: गिरिजा ओक ने कंगना को बताया प्रोफेशनल

Saba Naaz
18 Jun 2026 6:15 PM IST

Bollywood: कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और इसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच फिल्म में उनके साथ काम करने वाली एक्ट्रेस गिरिजा ओक ने कंगना रनौत की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कंगना को न सिर्फ बेहतरीन अभिनेत्री बल्कि एक बेहद प्रोफेशनल कलाकार भी बताया।

सेट पर कैसी थीं कंगना रनौत

NDTV से बातचीत में गिरिजा ओक ने कहा कि कंगना रनौत सेट पर पूरी तरह प्रोफेशनल रहती हैं। उन्होंने बताया कि कंगना के ऊपर कई जिम्मेदारियां थीं क्योंकि वह फिल्म की प्रोड्यूसर भी हैं और साथ ही सार्वजनिक जीवन से जुड़ी होने के कारण उनसे मिलने कई लोग आते थे। इसके बावजूद जैसे ही कैमरा ऑन होता था, वह पूरी तरह अपने किरदार पर फोकस कर लेती थीं।

एक्टिंग पर पूरा ध्यान

गिरिजा ओक ने कहा कि एक अच्छा अभिनेता वही होता है जो कैमरे के सामने अपने किरदार में पूरी तरह ढल जाए, और कंगना इस मामले में बेहद सटीक हैं। उनके अनुसार कंगना शूटिंग के दौरान बाकी सभी चीजों को पीछे छोड़कर सिर्फ अपने सीन पर ध्यान देती हैं।

सच्ची घटना पर आधारित फिल्म

‘भारत भाग्य विधाता’ की कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान कामा अस्पताल में हुई घटनाओं पर आधारित है। फिल्म में कंगना रनौत ने नर्स अंजलि कुलथे का किरदार निभाया है, जिन्होंने उस रात कई गर्भवती महिलाओं की जान बचाई थी।

साहसिक भूमिका में कंगना

फिल्म में दिखाया गया है कि अंजलि कुलथे ने हमले की रात लगभग 20 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर छिपाया और एक महिला को ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचाने में मदद की। उनके इसी साहस को फिल्म में प्रमुख रूप से दर्शाया गया है।

फिल्म की स्टारकास्ट

फिल्म का निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है। इसमें कंगना रनौत और गिरिजा ओक के अलावा स्मिता तांबे, ईशा डे, प्रसाद ओक, सयाजी शिंदे, अमृता नामदेव, प्रिया बेर्डे, जाहिद खान और आदित्य मिश्रा जैसे कलाकार शामिल हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है और कंगना के अभिनय की भी सराहना हो रही है।

Next Story