प्रभास से पहले ये कई साउथ स्टार्स निभा चुके हैं भगवान राम का किरदार

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | तेलुगू सुपरस्टार प्रभास की पैन इंडिया फिल्म 'आदिपुरुष' जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म का लोगों को लंबे समय से इंतजार है। 16 जून को रिलीज होने से पहले इस फिल्म की एडवांस बुकिंग जबर्दस्त तरीके से हो रही है। माना जा रहा है कि फिल्म कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है। फिल्म में प्रभास भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले है। इससे पहले साउथ के कई सितारे भी इस रोल को निभा चुके हैं। आइए आपको उन अभिनेताओं के बारे में बताते हैं।
साउथ के सुपरस्टार में एनटीआर का नाम जरूर शुमार किया जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्में दीं। 50 के दशक में वह कई बार बड़े पर्दे पर भगवान राम के किरदार में नजर आए। लोगों को उनके द्वारा निभाया गया यह किरदार काफी पसंद आया था। बता दें कि फिल्मों से दूर होने के बाद एनटीआर ने राजनीति में भी काफी सफलता हासिल की। उन्हें तीन बार जनता ने आंध्र प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया।
तेलुगू एक्टर शोभन बाबू भी इस लिस्ट में शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में 200 से अधिक फिल्मों में काम किया। फिल्म 'राम्मया थंडरी' में उन्होंने भगवान राम का रोल निभाया था। फिल्म में उनकी अदाकारी की लोगों ने जमकर तारीफ की। आज भी उनके द्वारा निभाया गया यह किरदार लोगों की जहन में ताजा है।
जूनियर एनटीआर ने महज 14 साल की उम्र में भगवान राम का रोल निभाया था। इस फिल्म का नाम था 'बाल रामायण'। यह फिल्म साल 1997 में रिलीज हुई थी। इसमें स्मिता माधव ने 'सीता', नारायण निखिल ने 'लक्ष्मण' तो स्वाति कुमार ने 'रावण' का रोल प्ले किया था।