मनोरंजन

बप्पा ने बताया क्या करेंगे पिता बप्पी लाहिड़ी के गोल्ड कलेक्शन के साथ

Subhi
23 March 2022 1:51 AM GMT
बप्पा ने बताया क्या करेंगे पिता बप्पी लाहिड़ी के गोल्ड कलेक्शन के साथ
x

बॉलीवुड के डिस्को किंग बप्पी लाहिड़ी का पिछले महीने निधन हो गया था। वह ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया नाम की बीमारी से ग्रस्त थे। डिस्को किंग अपने हिट गानों के अलावा अपने गोल्ड कलेक्शन के लिए भी जाने जाते थे। बप्पी लाहिड़ी का मानना था कि गोल्ड उनके लिए लकी है और वह हमेशा उसे पहने रखते थे। हाल ही में बप्पी दा के बेटे बप्पा लाहिड़ी ने एक साक्षात्कार में बताया कि वह अपने पिता के इस गोल्ड कलेक्शन का क्या करेंगे।

दरअसल, बप्पा लाहिड़ी ने एक साक्षात्कार में बताया कि उनके पिता बप्पी दा सोने को धार्मिक दृष्टिकोण से जोड़कर देखते और पहनते थे। वह उसे स्टाइल स्टेटमेंट के तौर पर नहीं पहनते थे। उनका मानना था कि सोना उनके लिए लकी है। ऐसे में अगर उन्हें सुबह पांच बजे भी फ्लाइट पकड़नी हो तो वह अपना सारा सोना पहनकर ही निकलते थे।

जब बप्पा लाहिड़ी से पूछा गया कि अब बप्पी दा के गोल्ड कलेक्शन का क्या होगा तो उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के इस गोल्ड कलेक्शन को संभल कर रखेंगे और इसे किसी म्यूजियम में डिस्पले किया जाएगा ताकि लोग इसे देख सकें। बप्पा ने बताया कि बप्पी दा के पास सिर्फ गोल्ड का ही नहीं, बल्कि उनके पास जूते, सनग्लसेज, घड़ी और टोपी का भी बहुत बढ़िया कलेक्शन था। बप्पी दा अपनी इन सभी चीजों से बहुत प्यार करते थे।

इधर, अभी हाल ही में बप्पी दा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो शेयर की गई थी, जिसके बाद उनके फैंस और परिवार के सदस्य काफी इमोशनल हो गए थे। फोटो के साथ लिखा गया था विरासत हमेशा के लिए रहती है। वहीं, बप्पी दा की मोनोक्रोम फोटो में बस उनकी सोने की अंगूठी और गहनों को हाईलाइट किया गया था।

आपको बता दें कि बप्पी लाहिड़ी का बीते माह 16 फरवरी 2022 को 69 साल की उम्र में निधन हो गया था। वह डिस्को किंग नाम से मशहूर थे। उन्होंने बॉलीवुड को कई सुपरहिट गाने दिए थे, जिन्हें आज भी लोग सुनना पसंद करते हैं। बप्पी दा अब लोगों के बीच नहीं रहे, लेकिन उनके गाने सदा के लिए लोगों के दिलों में रहेंगे।

Next Story