मनोरंजन
आशा ताई अपना 90वां जन्मदिन कर रही है सेलिब्रेट, जानिए उनकी रोचक बाते
Tara Tandi
8 Sep 2023 7:19 AM GMT

x
आशा भोंसले एक ऐसा नाम है जिसे पिछले 8 दशकों से इंडस्ट्री में सम्मान के साथ लिया जाता है। स्वर कोकिला लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा भोसले ने अपनी बहन के नक्शेकदम पर चलते हुए गायन को अपना करियर चुना। लेकिन अपनी बहन के साये में रहते हुए भी उन्होंने अपने गानों से करोड़ों लोगों के दिलों को गुलजार कर दिया। वह अपनी बहन की तरह एक महान गायिका बनीं और आज वह अपना 90वां जन्मदिन मना रही हैं
विरासत में मिली कला
आशा भोंसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को सांगली में हुआ था। उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर एक अभिनेता और थिएटर कलाकार थे। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर देश की सबसे सफल गायिका मानी जाती हैं। अपनी बहन की राह पर चलते हुए आशा भोसले ने 16 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर आज तक वह गायकी की दुनिया में सक्रिय हैं। आशा भोसले ने लगभग 75 वर्षों तक संगीत की सेवा की है।
16 साल की उम्र में 32 साल के आदमी से शादी
आशा भोसले की जिंदगी में 16 साल बेहद अहम रहे हैं। उसी साल उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की और उसी साल उन्होंने अपने से दोगुने उम्र के शख्स से शादी भी कर ली। उन्होंने गणपत राव भोसले से शादी की। उन्होंने साल 1949 में शादी की लेकिन ये शादी सिर्फ 11 साल तक ही चल सकी। कुछ साल बाद उनके पूर्व पति की भी मृत्यु हो गई।
दूसरा पति खो दिया
इसके बाद आशा भोसले ने मशहूर संगीतकार आरडी बर्मन से शादी कर ली। आशा ने साल 1980 में पंचम दा के साथ सात फेरे लिए। लेकिन किस्मत ने ज्यादा समय तक ये खुशी नहीं दी। जब आशा 60 वर्ष की थीं, तब उनके पति का निधन हो गया। आशा फिर निराश हो गयी।
बेटी और बेटा खोया, बड़ी बहन का साया भी उठ गया
आशा की जिंदगी में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा। उनकी बेटी वर्षा भोसले ने 2012 में 54 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली थी। उस वक्त आशा खुद 80 साल की थीं और उनके लिए यह दुख सहना इतना आसान नहीं था। इसके बाद गायिका को तब झटका लगा जब तीन साल बाद यानी 2015 में आशा भोसले के बेटे हेमंत भोसले की भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
आशा भोसले, लता मंगेशकर
लेकिन इन सभी मौकों पर उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर ने उनका साथ नहीं छोड़ा। दुर्भाग्य से लता भी अब इस दुनिया में नहीं हैं और उन्होंने एक साल पहले 2022 में 93 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।
Next Story