मनोरंजन

आशा नेगी ने ऋत्विक धनजानी के साथ हुए ब्रेकअप पर किया खुलासा, बोलीं- कोसते थे लोग, राह चलते देते थे ताना

Neha Dani
7 April 2022 8:46 AM GMT
आशा नेगी ने ऋत्विक धनजानी के साथ हुए ब्रेकअप पर किया खुलासा, बोलीं- कोसते थे लोग, राह चलते देते थे ताना
x
उन्होंने 'बारिश' शो से वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा था।

टीवी ऐक्ट्रेस आशा नेगी (Asha Negi) इन दिनों चर्चा में हैं। वो कुणाल खेमू (Kunal Kemmu) संग वेब सीरीज 'अभय 3' (abhay 3) में नजर आने वाली हैं। उन्होंने टीवी से अपना सफर शुरू किया था और इसी दौर में उनकी मुलाकात ऐक्टर रित्विक धनजानी (rithvik dhanjani) से हुई थी। दोनों पहली मुलाकात में ही एक-दूसरे को दिल दे बैठे थे। उन्होंने 7 साल तक डेट किया, लेकिन 2020 में ब्रेकअप का फैसला सुनाकर फैंस को भी हैरान कर दिया। ऐक्ट्रेस पहले भी इस पर अपनी चुप्पी तोड़ चुकी हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने बताया कि कैसे लोग उन्हें दोषी मानते हैं और कहते हैं कि 'अब फिल्मों में काम करने लगी है तो उसे कहां डेट करेगी।'

जहां एक तरफ आशा नेगी सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही हैं तो वहीं कई लोग हैं, जो उन्हें अभी भी रित्विक धनजानी संग ब्रेकअप को लेकर ट्रोल करते रहते हैं और रिश्ता टूटने का इल्जाम उनके सिर पर लगाते हैं। उन्हें समझ नहीं आता है कि पर्सनल लाइफ का प्रोफेशनल वर्क से क्या लेना-देना है। जब उनका ब्रेकअप हुआ था, तभी उनकी फिल्म 'लूडो' रिलीज हुई थी और उस समय भी उन्हें जज किया गया था।
फिल्म मिलने के बाद किया ब्रेकअप
ऐक्ट्रेस ने कहा, 'बहुत से लोग थे, जो कह रहे थे कि इसे फिल्म मिल गई है, इसलिए इसने ब्रेकअप किया है। वो कहते थे, 'अब तो फिल्म ऐक्टर बन गई है, अब उसे क्यों डेट करेगी।' लोग ऐसे ही बिना कुछ सोचे जज करते हैं। वो खुद ऐसी बातें सोच लेते हैं, जोकि बहुत बुरा है। जो भी हुआ, वो मेरे और उसके बीच था। हमारे बीच प्यार और सम्मान है और मुझे नहीं लगता कि किसी को फर्क पड़ना चाहिए।'
7 साल तक डेटिंग के बाद ब्रेकअप
आशा और रित्विक की मुलाकात 'पवित्र रिश्ता' सीरियल के सेट पर हुई थी। दोनों 2013 से रिलेशनशिप में थे। लंबे समय तक साथ रहने के बाद साल 2020 में दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए। इस खबर ने उनके फैंस को झटका दिया था।
'पवित्र रिश्ता' से मिली पहचान
आशा ने 'पवित्र रिश्ता' सीरियल से पॉप्युलैरिटी हासिल की थी। वो कई टीवी शोज में काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वो कई रिएलिटी शोज में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने 'बारिश' शो से वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा था।

Next Story