मनोरंजन

आर्यन खान ड्रग्स केस: विवादों में फंसे NCB अधिकारी समीर वानखेड़े दिल्ली में, लग सकता है ये झटका!

jantaserishta.com
26 Oct 2021 1:16 PM IST
आर्यन खान ड्रग्स केस: विवादों में फंसे NCB अधिकारी समीर वानखेड़े दिल्ली में, लग सकता है ये झटका!
x

मुंबई. बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान (Shahrukh Khan) के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) से जुड़े मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) नए अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंप सकती है. फिलहाल मामले की जांच कर रहे समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) के खिलाफ विजिलेंस का आदेश दिया जा चुका है. News18 की खबर के मुताबिक बताया कि आर्यन खान मामले में जांच अधिकारी वानखेड़े का मुद्दा सोमवार को एजेंसी के शीर्ष अधिकारियों की बैठक में उठा. अधिकारियों का मानना था कि चूंकि वानखेड़े के खिलाफ सतर्कता जांच का आदेश दिया गया है, इसलिए उनके द्वारा मामले की जांच जारी रखना सही नहीं है. बुधवार को सीवीओ ज्ञानेश्वर सिंह के मुंबई दौरे के बाद एजेंसी अंतिम फैसला लेगी लेकिन शीर्ष अधिकारी बदलाव पर विचार कर रहे हैं.

गौरतलब है कि सोमवार को क्रूज जहाज मादक पदार्थ मामले की जांच का नेतृत्व कर रहे NCB के मुंबई क्षेत्रीय इकाई प्रमुख समीर वानखेड़े सोमवार रात राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे. क्रूज जहाज मादक पदार्थ मामले में वानखेड़े सहित एजेंसी के कुछ अधिकारियों और अन्य द्वारा आर्यन को छोड़ने के लिए 25 करोड़ रुपये की मांग किये जाने का एक गवाह ने आरोप लगाया था, जिसकी सतर्कता जांच के NCB के आदेश के मद्देनजर वह (वानखेड़े) दिल्ली आए हैं.
न्यूज़ 18 की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने रविवार को मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नागरले को पत्र लिख कर उनके खिलाफ कुछ अज्ञात लोगों द्वारा संभावित कानूनी कार्रवाई की योजना बनाये जाने से संरक्षण की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि वे लोग उन्हें फंसाना चाहते हैं. हालांकि, वानखड़े को वसूली संबंधी स्वतंत्र गवाह प्रभाकर साईल द्वारा किये गये सनसनीखेज दावे पर एक हलफनामे के सिलसिले में कोई राहत नहीं मिल पाई. अदालत ने कहा कि वह दस्तावेजों को संज्ञान में लेने से अदालतों को रोकने का आदेश जारी नहीं कर सकती.
एनसीबी ने विशेष अदालत के समक्ष दाखिल हलफनामे में कहा कि वानखेड़े और अन्य अधिकारियों का सेवा रिकॉर्ड बेदाग रहा है, लेकिन वानखेड़े पर वसूली के आरोप लगाने वाले स्वतंत्र गवाह प्रभाकर साईल के हलफनामे के संबंध में अदालत से कोई राहत नहीं मिल सकी. वहीं, अपनी जान को खतरा होने का दावा करने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने साईल को पुलिस सुरक्षा मुहैया करायी है. एनसीबी के उत्तरी क्षेत्र के उप महानिदेशक (DDG) ज्ञानेश्वर सिंह सतर्कता जांच करेंगे.
NCB और वानखेड़े ने वसूली के आरोपों को लेकर विशेष अदालत में दो अलग-अलग हलफनामे दाखिल किए. मामले में स्वतंत्र गवाह प्रभाकर साईल ने रविवार को एक हलफनामे में और फिर पत्रकारों के सामने दावा किया था कि NCB के एक अधिकारी और कुछ अन्य लोगों ने मामले में आरोपी आर्यन खान को छोड़ने के लिए 25 करोड़ रुपये की मांग की थी.



jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story