मनोरंजन

खेसारी विवाद के बीच अंजना सिंह का नया अंदाज

Saba Naaz
9 July 2026 3:34 PM IST
खेसारी विवाद के बीच अंजना सिंह का नया अंदाज
x

मुंबई। भोजपुरी सिनेमा की चर्चित एक्ट्रेस अंजना सिंह एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। उनकी एक नई इंस्टाग्राम रील तेजी से वायरल हो रही है, जिसे फैंस खेसारी लाल यादव से जुड़े विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, अंजना सिंह ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन कैप्शन में लिखी गई लाइन “अकेले काफी हूं” ने सोशल मीडिया पर चर्चाओं को हवा दे दी है। अंजना सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस रील में वह कार में बैठी नजर आ रही हैं और उनके चेहरे पर गंभीर भाव दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में एक डायलॉग सुनाई देता है, जिसमें अकेले लड़ने और हार न मानने की बात कही गई है। इसी के साथ अंजना ने कैप्शन लिखा, “अकेले काफी हूं।”

इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे उनके हालिया विवाद से जोड़ना शुरू कर दिया। कई लोगों का मानना है कि यह रील खेसारी लाल यादव विवाद के बीच उनका जवाब हो सकती है। वहीं कुछ यूजर्स ने कमेंट कर खेसारी लाल यादव का समर्थन किया, जबकि कुछ लोगों ने अंजना सिंह के पक्ष में अपनी राय रखी। दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब अंजना सिंह ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने लाइव वीडियो में किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने उन्हें “भैया” कहकर संबोधित किया और भोजपुरी गीतकार व लेखक अखिलेश कश्यप को भी टैग किया था।

अंजना सिंह ने लाइव के दौरान कहा था कि उन्हें बार-बार लखनऊ बुलाकर कुछ दिखाने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या दिखाना चाहते हैं, जिसे वह नहीं देख पाएंगी। उन्होंने यह भी कहा था कि जिस व्यक्ति की चर्चा हो रही है, उसके बारे में पूरी इंडस्ट्री जानती है और अगर वह बोलना शुरू करेंगी तो कई बातें सामने आ सकती हैं। अपने लाइव वीडियो में अंजना सिंह ने एक पुरानी घटना का जिक्र भी किया था। उन्होंने दावा किया कि कई साल पहले बांगुर नगर स्थित एक ऑफिस में खेसारी लाल यादव एक अभिनेत्री के साथ मौजूद थे और उसी दौरान उनकी पत्नी वहां पहुंच गई थीं। हालांकि, अंजना सिंह के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और खेसारी लाल यादव की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वहीं, अंजना सिंह के बयान के बाद भोजपुरी गीतकार और लेखक अखिलेश कश्यप ने भी सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर किए। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन अपने वीडियो में “चाची” शब्द का इस्तेमाल करते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि लोग उनसे जवाब देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं होता। अखिलेश कश्यप ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि अगर वह कुछ बातें सार्वजनिक कर देंगे तो काफी चर्चा हो जाएगी। उनके इन बयानों के बाद विवाद और ज्यादा बढ़ गया और सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए।

फिलहाल अंजना सिंह की नई रील ने एक बार फिर इस पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे आत्मविश्वास से भरा संदेश बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे खेसारी लाल यादव विवाद से जोड़ रहे हैं। हालांकि, अंजना सिंह ने अपनी रील में किसी व्यक्ति या विवाद का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया है।

Next Story