
मनोरंजन: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब आम जनजीवन के साथ-साथ बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ पर भी देखने को मिला है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ‘जलसा’ के बाहर भारी जलभराव नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के कारण आसपास की सड़कों पर पानी भर गया और हालात वाटर लॉगिंग जैसे बन गए।
वायरल वीडियो को सोशल मीडिया फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बंगले के बाहर सड़क पर पानी जमा है और कुछ जगहों पर पानी कंपाउंड एरिया तक पहुंचने की भी बात कही जा रही है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे मुंबई की बारिश की सामान्य स्थिति बता रहे हैं, तो कुछ यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स भी किए हैं।
इधर, अमिताभ बच्चन की तरफ से इस बारिश या जलभराव को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, उन्होंने हाल ही में अपने ब्लॉग में फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने टूर्नामेंट के मैचों और कम चर्चित टीमों के प्रदर्शन पर चर्चा की।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन कर रहे हैं और इसमें प्रभास तथा कमल हासन भी अहम भूमिकाओं में होंगे। पहली फिल्म 2024 में रिलीज हुई थी, जिसने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने अश्वत्थामा का किरदार निभाया था।
मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है, वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।





