मनोरंजन
‘हीरो’ की सालगिरह पर अमाल मलिक ने सलमान खान फिल्म्स को घेरा, क्रेडिट नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
jantaserishta.com
12 Sept 2026 5:05 PM IST

x
मुंबई: फिल्म ‘हीरो’ की 11वीं सालगिरह पर सलमान खान फिल्म्स की एक सोशल मीडिया पोस्ट विवाद में आ गई। पोस्ट में फिल्म की यादें शेयर की गई थीं, लेकिन म्यूजिक कंपोजर और गीतकार को क्रेडिट नहीं दिए जाने से संगीतकार अमाल मलिक नाराज हो गए। उन्होंने प्रोडक्शन हाउस की पोस्ट के कमेंट सेक्शन में सीधे अपनी आपत्ति दर्ज कराई और टीम को क्रेडिट देने की बुनियादी बात याद दिलाई।
दरअसल, सलमान खान फिल्म्स ने 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘हीरो’ की 11वीं सालगिरह पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। इस फिल्म से सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म के संगीत को लेकर अमाल मलिक ने प्रोडक्शन हाउस की पोस्ट पर कमेंट किया और सवाल उठाया कि गाने बनाने वाले लोगों का जिक्र किए बिना उनके काम का जश्न कैसे मनाया जा सकता है।
अमाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लिखा कि पेज संभालने वाले लोगों ने जिस तरह गाने के संगीतकार और गीतकार को छोड़ दिया, वह उन्हें हैरान करने वाला लगा। उन्होंने कहा कि किसी संगीतकार और गीतकार की मेहनत से तैयार हुए गाने का जश्न मनाते समय उसके रचनाकारों का सम्मान और उल्लेख होना चाहिए।
उन्होंने टीम को अपनी सोशल मीडिया हैंडलिंग की बुनियादी बातें सुधारने की सलाह भी दी। साथ ही उन्होंने अपील की कि उनका कमेंट डिलीट न किया जाए, ताकि सलमान खान भी इसे देख सकें और उन्हें पता चले कि पोस्ट में गलती हुई है।
टीम ने बाद में दिया क्रेडिट
अमाल मलिक की नाराजगी के बाद सलमान खान फिल्म्स की टीम ने पोस्ट में बदलाव किया। पोस्ट को एडिट कर अमाल मलिक के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग किया गया और उन्हें उचित क्रेडिट दिया गया। इसके साथ ही गीतकार कुमार का नाम भी जोड़ा गया।
‘हीरो’ का साउंडट्रैक अमाल मलिक के अलावा मीट ब्रदर्स अंजन, सचिन-जिगर और जस्सी कट्याल ने तैयार किया था। फिल्म का गाना ‘मैं हूं हीरो तेरा’ खास तौर पर लोकप्रिय हुआ था। इस गाने को शुरुआत में अमाल के भाई अरमान मलिक ने गाया था। बाद में सलमान खान ने भी इसका एक अलग वर्जन अपनी आवाज में रिकॉर्ड किया था।
सलमान ने दिया था अमाल को बॉलीवुड ब्रेक
अमाल मलिक और सलमान खान का पेशेवर रिश्ता काफी पुराना है। साल 2014 में सलमान की फिल्म ‘जय हो’ के जरिए अमाल को बॉलीवुड में म्यूजिक कंपोजर के तौर पर काम करने का मौका मिला था। उन्होंने फिल्म के लिए ‘तुमको तो आना ही था’ और ‘लव यू लव यू’ जैसे गानों का संगीत तैयार किया। इसके अगले ही साल उन्होंने सलमान खान के प्रोडक्शन में बनी ‘हीरो’ के लिए भी संगीत दिया। यही वजह है कि दोनों के बीच का यह पेशेवर कनेक्शन लंबे समय से चर्चा में रहा है।
SRK के फैन होने पर भी हुआ था विवाद
अमाल मलिक इससे पहले शाहरुख खान को लेकर अपने एक बयान की वजह से भी सुर्खियों में आ चुके हैं। 2020 में एक फैन चैट के दौरान उन्होंने खुद को शाहरुख खान का बड़ा फैन बताते हुए ‘SRKian’ कहा था। इसके बाद कुछ सलमान खान फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया।
अमाल ने तब साफ किया था कि सलमान खान के प्रति सम्मान होने का मतलब यह नहीं है कि वह सोशल मीडिया पर गाली-गलौज या किसी तरह की अंधभक्ति को स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि सलमान ने उन्हें बॉलीवुड में लॉन्च किया और वह उनके योगदान का हमेशा सम्मान करेंगे।
‘बिग बॉस 19’ में भी हुई थी दोनों की मुलाकात
करीब पांच साल बाद अमाल मलिक और सलमान खान एक ही शो का हिस्सा बने। 24 अगस्त 2025 को अमाल ने ‘बिग बॉस 19’ में कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली थी। इस सीजन को सलमान खान होस्ट कर रहे थे। हालांकि, अब ‘हीरो’ की सालगिरह पर क्रेडिट को लेकर हुई यह घटना एक बार फिर दोनों के पेशेवर रिश्ते को चर्चा में ले आई है।
फिल्मी संगीत से ब्रेक ले चुके हैं अमाल
हाल ही में अमाल मलिक ने फिल्मी संगीत कंपोज करने से ब्रेक लेने की घोषणा भी की थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि फिलहाल यह ब्रेक नए फिल्मी प्रोजेक्ट्स के लिए है। उनके कुछ पुराने और अप्रकाशित गाने भविष्य में रिलीज हो सकते हैं, खासकर उन फिल्मों के सिनेमाघरों तक पहुंचने पर जिनसे वे जुड़े हुए हैं।
अमाल ने बताया था कि यह ब्रेक उनके लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने दिमाग, शरीर और आत्मा को आराम देने और पूरी तरह ठीक होने के लिए समय चाहिए। उनका कहना था कि वह जल्द वापसी करना चाहते हैं और अपने फैंस के लिए नई धुनों के साथ फिर से काम करना चाहते हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





