मनोरंजन

'ब्रह्मास्त्र' के नए पोस्टर में आलिया-रणबीर का रोमांटिक अंदाज, सामने आया फिल्म का पहला गाना 'केसरिया'

Neha Dani
10 April 2022 9:56 AM GMT
ब्रह्मास्त्र के नए पोस्टर में आलिया-रणबीर का रोमांटिक अंदाज, सामने आया फिल्म का पहला गाना केसरिया
x
ब्रह्मास्त्र 9 सितंबर, 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

आलिया भट्ट और रणबीर कपूर इन दिनों अपनी शादी की खबरों को लेकर मीडिया में छाए हुए हैं। इस बीच दोनों की फैंटेसी-एडवेंटर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' (Brahmastra) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है, जो दोनों के फैंस को खुश करने वाली है। आज 10 अप्रैल को फिल्म का नया पोस्टर और पहले गाने का ऑडियो टीजर रिलीज किया गया है। जिसमें आलिया और रणबीर की खूबसूरत केमिस्ट्री देखने को मिल रही है।



आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की फिल्म 'ब्रह्मास्त्रा' का उनके फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे है। जहां एक तरफ दोनों की शादी की चर्चाएं जोरों पर हैं तो वहीं दूसरी तरफ मौके की नजाकत को देखते हुए फिल्म के डायरेक्टर आयान मुखर्जी ने दोनों का रोमांटिक पोस्टर रविवार को जारी कर दिया है और इसके साथ ही अरिजीत सिंह की आवाज में फिल्म का पहला ट्रैक 'केसरिया' भी सामने आ गया है। जो 'ब्रह्मास्त्र' के लिए फैंस की बेताबी को और बढ़ा रहा है।
इस पोस्टर में रणबीर और आलिया जख्मी हालत में एक दूसरे के बाहों में नजर आ रहे हैं। रणबीर के कपड़ो से आग की लपटे निकलती दिख रही है तो वहीं आलिया के हाथ में चोट के कई सारे निशान नजर आ रहे हैं। पोस्टर के बैकग्राउंड में गाने केसरिया की कुछ खूबसूरत लाइने सुनी जा सकती है। इस ऑडियो टीजर और पोस्टर को आयान मुखर्जी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा, "पार्ट वन: शिव... वह जो ब्रह्मास्त्र के पहले अध्याय को कहा जा रहा है। लेकिन सबसे लंबे समय तक, यह हुआ करता था …पार्ट वन: लव। क्योंकि मूलरूप से ब्रह्मास्त्र प्यार की ऊर्जा के बारे में है। एक प्यार - जो फिल्म से परे, और जीवन में आग की तरह फैलता है।"
उन्होंने आगे लिखा, "तो ये रहा, हमारा लव पोस्टर! यह समय इसके लिए सही लगता है ...इन दिनों हवा में कुछ ज्यादा ही प्यार है! (और इसके साथ, केसरिया के जादू का एक छोटा सा टुकड़ा, प्रीतम (दादा), अमिताभ भट्टाचार्य, अरिजीत…) शिव और ईशा। रणबीर और आलिया। प्यार - सबसे बड़ा अस्त्र है!"
'ब्रह्मास्त्र' को करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया जा रहा है। फिल्म में पहली बार आलिया भट्ट और रणबीर कपूर एक साथ ऑनस्क्रीन रोमांस करते नजर आएंगे। फिल्म में आलिया ईशा के किरदार में हैं तो वहीं रणबीर के कैरेक्टर का नाम शिव है। इन दोनों के अलावा इस फैंटेसी-एडवेंटर फिल्म में अमिताभ बच्चन, नागर्जुन और मौनी रॉय मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाली हैं। ब्रह्मास्त्र 9 सितंबर, 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Next Story