मनोरंजन

अक्षय ने पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में किए दर्शन

Mohammed Raziq
6 May 2024 12:51 PM IST
अक्षय ने पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में किए दर्शन
x
मुंबई : बॉलीवुड में ‘खिलाड़ी’ के नाम से फेमस अक्षय कुमार ने आज रविवार (5 मई) को राजस्थान के अजमेर से जुड़े तीर्थराज पुष्कर में ब्रह्मा जी के दर्शन किए। अक्षय अजमेर के रेलमंडल मुख्यालय की लोकेशन पर निर्माणाधीन फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ की शूटिंग के लिये यहां आए हुए हैं। वे पुष्कर के एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं। अक्षय दो दिन पहले ब्रह्मा मंदिर दर्शन के लिए जाने वाले थे, लेकिन फैंस की भारी भीड़ को देखते हुए उन्हें कार्यक्रम बदलना पड़ा।
अक्षय आज सुबह 5.30 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर पहुंचे और ब्रह्मा जी के दर्शन कर फिल्म की कामयाबी के लिए प्रार्थना की। पुजारी किशन गोपाल वशिष्ट ने उन्हें आरती में सहयोग किया। अक्षय सफेद आउटफिट में दिखे। जगत पिता ब्रह्मा मंदिर में मंगला आरती के समय चंद लोग मौजूद थे। अक्षय के मंदिर आने से पहले आरती शुरू हो चुकी थी। मंदिर परिसर में अक्षय आरती में शामिल लोगों के पीछे आकर खड़े हो गए। उन्होंने सिर पर टोपी लगा रखी थी। वहीं उनके बॉडीगार्ड अलग-अलग दिशा में कुछ दूरी पर खड़े थे।
ऐसे में आरती में शामिल लोगों को अक्षय के वहां मौजूद होने की भनक तक नहीं लगी। गौरतलब है कि फिल्म की शूटिंग अजमेर के साथ मसूदा के देवमाली में भी होनी है। करीब 15 दिनों का शेड्यूल है, जिसमें अजमेर रेलमंडल मुख्यालय भवन पर ‘जिला एवं सत्र न्यायालय दिल्ली’ का सेट बनाया गया है। फिल्म में अक्षय के साथ अभिनेता अरशद वारसी का भी अहम रोल है। दोनों कलाकार वकील की भूमिका में दिखेंगे। साथ ही सौरभ शुक्ला एक बार फिर जज की भूमिका निभाएंगे।
Next Story