मनोरंजन

अक्षरा सिंह ने महिला दिवस पर महिलाओं को दिया खास संदेश, कहा- बस उड़ना है इस बारी

Rani Sahu
25 July 2022 7:15 PM GMT
अक्षरा सिंह ने महिला दिवस पर महिलाओं को दिया खास संदेश, कहा- बस उड़ना है इस बारी
x
दुनिया भर में आज का दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जा रहा है

दुनिया भर में आज का दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर दुनिया भर में सभी लोग महिलाओं को समाज में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते नजर आ रहे हैं। वहीं कई लोग सोशल मीडिया के जरिए नारी सशक्तिकरण से जुड़े संदेश एक- दूसरे के साथ साझा करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच मनोरंजन जगत के कई कलाकार भी इस खास मौके पर नारी शक्ति को सलाम करते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी महिला दिवस के मौके पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस के साथ एक खास संदेश साझा किया है।

अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए इस पोस्ट में अभिनेत्री ने अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए बेहद खास कैप्शन भी लिखा है। शेयर की गई इस तस्वीर में अभिनेत्री लहंगे में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। वहीं, कैप्शन में उन्होंने महिलाओं की हसरत और उनकी उड़ान के बारे में एक शायरी लिखी है।
अक्षरा ने अपने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, कोई पूछे तो रंजिश कहना, कोई पूछे तो यारी, कोई पूछे हसरत क्या है? कहना सीखी है अय्यारी। कोई पूछे तो बंदिश कहना, कोई पूछे तो हूँ मैं नारी, कोई पूछे हसरत क्या? कहना उड़ना है इस बारी, बस उड़ना है इस बारी। इसके साथ ही उन्होंने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दी।
अक्षरा सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर अक्षरा ने फिल्म जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। यही वजह है कि अभिनेत्री इस समय भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल हैं। अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिनकी यूपी और बिहार में प्रशंसकों की एक लंबी चौड़ी लिस्ट हैं। फिल्मों के साथ ही अक्षरा सिंह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं।
करियर की बात करें तो अक्षरा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2010 में आई भोजपुरी फिल्म 'सत्यमेव जयते' से की थी। इस फिल्म में उनके साथ सुपरस्टार रवि किशन भी नजर आए थे। भोजपुरी सिनेमा के साथ ही अभिनेत्री ने टीवी इंडस्ट्री में भी काम किया है। उन्होंने तबादला, धड़कन, सत्या, मां तुझे सलाम, सौगंध गंगा मैया के जैसी कई सुपरहिट भोजपुरी फिल्मों में काम किया है।


Next Story