मनोरंजन
अजय देवगन के न्यूयॉर्क सिनेमा ने अहमदाबाद में खोला मल्टीप्लेक्स, ये सेलेब्रिटीज भी हैं सिनेमाघरों के मालिक
Rounak Dey
15 Sep 2022 9:30 AM GMT

x
पहला मल्टीप्लेक्स एवीडी सिनेमा तेलंगाना के महबूबनगर में लॉन्च किया था।
अजय देवगन के बारे में यह तो सबको पता है कि वो एक बेहतरीन कलाकार होने के साथ निर्माता-निर्देशक भी हैं, मगर इसकी जानकारी कम ही लोगों को होगी कि वो एक मल्टीप्लेक्स चेन के मालिक भी हैं। अजय की थिएटर चेन का नाम एनवाय सिनेमाज (NY Cinemas) है। अब वो इसे अहमदाबाद में लॉन्च कर रहे हैं।
मल्टीप्लेक्स में हैं 4 ऑडिटोरियम
अहमदाबाद के मोटेरा रोड पर स्थित अमरकुंड में बना ये सिनेमाघर 2500 वर्गफुट में फैला हुआ है और इसमें चार ऑडिटोरियम हैं। इसके अलावा एक लाउंज, लाइव किचन और मॉकटेल बार भी बनाया गया है। इसे तैयार करने में अहमदाबाद के लोगों के टेस्ट को ध्यान में रखा गया है।
टीम की ओर से जारी किये गये स्टेटमेंट में बताया गया है कि मल्टीप्लेक्स में आधुनिक डॉल्बी एटमॉस स्क्रींस लगायी गयी हैं और इसकी क्षमता 320 सीटों की है, जिनमें से 75 रेक्लाइनर हैं। इन चारों स्क्रींस पर 3डी फिल्में भी चलायी जा सकती हैं। एनवाय सिनेमाज गुजरात के भुज और सुरेंद्र नगर में पहले से मौजूद है। अहमदाबाद के बाद आनंद, सूरत और राजकोट में भी लॉन्च किये जाने की तैयारी है। अजय ने अपनी मल्टीप्लेक्स चेन का नाम दोनों बच्चों के नामों के पहले अक्षय मिलाकर रखा है। इसकी शुरुआत 2018 में की गयी थी।
दिवाली पर आएगी थैंक गॉड
अजय देवगन के फिल्म करियर की बात करें तो उनकी अगली फिल्म थैंक गॉड दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इंद्र कुमार निर्देशित यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है। अजय के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। रकुल का किरदार पुलिस अफसर का है। इस फिल्म के जरिए सिद्धार्थ पहली बार अजय के साथ किसी फिल्म में नजर आएंगे। थैंक गॉड में अजय चित्रगुप्त की भूमिका में हैं। फिल्म का पहला गाना मानिके 16 सितम्बर को रिलीज होने जा रहा है।
मल्टीप्लेक्सेज के मालिक हैं ये सेलेब्रिटीज
वैसे अजय अकेले एक्टर-प्रोड्यूसर नहीं हैं, जो मल्टीप्लेक्स चेंस के मालिक हैं। सुभाष घई मुक्ता ए2 सिनेमाज के मालिक हैं। उन्होंने इसकी शुरुआत 2011 में की थी। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल आशीर्वाद सिनेप्लेक्स के मालिक हैं, जो केरल के कई शहरों में है।
महेश बाबू 2021 में थिएटर बिजनेस में उतरे। एशियन सिनेमाज के साथ मिलकर उन्होंने एएमबी सिनेमाज की शुरुआत की थी। लाइगर से बॉलीवुड डेब्यू कर चुके विजय देवरकोंडा ने पिछले साल अपना पहला मल्टीप्लेक्स एवीडी सिनेमा तेलंगाना के महबूबनगर में लॉन्च किया था।
Next Story