
x
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम ने शनिवार, 28 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उनके पति और फिल्ममेकर आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर बेहद खूबसूरत अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। आदित्य ने दोनों की छुट्टियों के दौरान की कुछ अनदेखी तस्वीरें साझा करते हुए यामी के लिए एक भावुक संदेश लिखा। उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
आदित्य धर ने खुद को बताया 'यामी पगलू'
आदित्य धर ने इंस्टाग्राम पर यामी के साथ कई निजी तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे के साथ हंसते-मुस्कुराते और खूबसूरत पल बिताते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के साथ आदित्य ने लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो यामी, तुम मेरी जिंदगी में देखी गई सबसे खूबसूरत महिला हो। तुम्हारी मुस्कान सिर्फ एक कमरे को नहीं, बल्कि मेरी पूरी दुनिया को रोशन कर देती है।" उन्होंने आगे लिखा कि यामी उनका घर, उनकी सबसे बड़ी ताकत और सबसे मजबूत समर्थक हैं। उन्होंने उन्हें आज बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देने का श्रेय भी दिया।
परिवार के लिए यामी के समर्पण की तारीफ
आदित्य ने अपने संदेश में यामी के परिवार और काम के प्रति समर्पण की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा कि जिस तरह यामी अपने परिवार को प्यार देती हैं और अपने काम में पूरी मेहनत करती हैं, वह उन्हें हर दिन हैरान कर देता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि यामी यह सब कैसे संभाल लेती हैं और फिर भी उन्हें बर्दाश्त करती हैं। अपने संदेश के अंत में आदित्य ने लिखा कि वह जिंदगी भर यामी का हाथ थामकर चलना चाहते हैं, उनका हौसला बढ़ाना चाहते हैं और बार-बार उनसे प्यार करते रहना चाहते हैं। उन्होंने पोस्ट के साथ '#YamiPaglu' भी लिखा।
2021 में हुई थी दोनों की शादी
यामी गौतम और आदित्य धर की मुलाकात फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' के दौरान हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया था, जबकि यामी ने इसमें एक खुफिया एजेंट की भूमिका निभाई थी। दोनों ने 4 जून 2021 को हिमाचल प्रदेश में एक निजी समारोह में शादी की थी। जून 2024 में उनके घर बेटे वेदाविद का जन्म हुआ। दोनों अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक सार्वजनिक चकाचौंध से दूर रखते हैं।
Next Story





