मनोरंजन

अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने की सपा नेता फहद अहमद से शादी

Admin4
17 Feb 2023 11:27 AM GMT
अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने की सपा नेता फहद अहमद से शादी
x
मुंबई। वालीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता फहद अहमद शादी के बंधन में बंध गए हैं। यह जानकारी स्वयं स्वरा भास्कर ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर वीडियो शेयर कर दी है। देश में सामाजिक और राजनीतिक मामलों पर अपने बेबाक रुख और बेबाक राय के चलते लगातार सुर्खियों में रहने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने अपने फैंस को एक नया झटका दिया है। बेशक यह सदमा उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा है।
इस शादी की जानकारी खुद स्वरा ने ट्वीट कर दी है। अंग्रेजी भाषा में किए गए इस ट्वीट का भाव कुछ इस तरह है, "कभी-कभी आप किसी ऐसी चीज के लिए दूर-दूर तक खोज करते हैं जो आपके ठीक बगल में थी। हम प्यार की तलाश में थे लेकिन हमें पहले दोस्ती मिली। और फिर हमने एक दूसरे को पाया! मेरे दिल में आपका स्वागत है फहद जिरार अहमद, यह अराजक है लेकिन यह तुम्हारा है! फहद अहमद ने स्वरा भास्कर के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा है, " मुझे कभी नहीं पता था कि अराजकता इतनी खूबसूरत भी हो सकती है। मेरा हाथ थामने के लिए शुक्रिया, प्यार।"
स्वरा ने अपने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने इस वीडियो में फहद के साथ खिलखिलाते प्यार की यादों का कोलाज पेश किया है। दोनों के साथ-साथ किए गए मूवमेंट, साथ बिताए पल, दोनों के सहज भाषण, इन सब पलों को यह वीडियो अपने में समेटे हुए है।
फहद समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने पिछले साल ही सपा ज्वाइन की थी। दोनों की मुलाकात 2020 में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई थी। इस आंदोलन में दोनों ने साथ में पहली सेल्फी ली। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, हमने 6 जनवरी, 2023 को विशेष विवाह अधिनियम के तहत अदालत में विवाह का रजिस्ट्रेशन कराया है।
Next Story