एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट में फंसी, PM मोदी से मदद की लगाई गुहार

दुबई। ईरान पर हुए मिसाइल हमले के बाद दुबई एयरपोर्ट पर सभी तरह की फ्लाइट्स रोक दी गई हैं, जिसके कारण बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट पर फंस गई हैं। सोनल चौहान ने इस मुश्किल घड़ी में एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने अपने X अकाउंट पर पोस्ट किया है और बताया है कि इंडिया वापस लौटने का उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है।
मालूम हो कि इजरायल और अमेरिका ने शनिवार, 28 फरवरी को ईरान पर हमला कर दिया। ईरान ने भी बदले में इजरायल के कई शहरों और अमेरिकी सैन्य हवाई अड्डों को निशाना बनाया। इसके कारण मिडल ईस्ट में हालात बुरी तरह बिगड़ गए और सीधा असर भारत के साथ-साथ दुबई पर भी देखने को मिला। सभी तरह की उड़ानें रोक दी गईं। दुबई इंटरनेशनल और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले आदेश तक बंद कर दिए गए, जिससे सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं।
उन्होंने अपने X अकाउंट पर पीएम मोदी को टैग करके लिखा, 'माननीय प्रधानमंत्री जी नरेंद्र मोदी, मैं मौजूदा संकट के कारण दुबई में फंसी हुई हूं। उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और भारत लौटने का कोई क्लियर रास्ता नजर नहीं आ रहा है। मैं सरकार से विनम्रतापूर्वक सुरक्षित घर वापसी के लिए मार्गदर्शन चाहती हूं। मैं आपकी किसी भी सहायता के लिए आभारी हूं।'





