मनोरंजन

एक्टर अक्षय कुमार ने शुरू की फिल्म 'राम सेतु' की शूटिंग...किरदार का फ़र्स्ट लुक सोशल मीडिया पर किया शेयर

Subhi
31 March 2021 5:03 AM GMT
एक्टर अक्षय कुमार ने शुरू की फिल्म राम सेतु की शूटिंग...किरदार का फ़र्स्ट लुक सोशल मीडिया पर किया शेयर
x
अक्षय कुमार ने होली का त्योहार मनाने के एक दिन बाद अपनी अगली फ़िल्म राम सेतु की शूटिंग शुरू कर दी है।

अक्षय कुमार ने होली का त्योहार मनाने के एक दिन बाद अपनी अगली फ़िल्म राम सेतु की शूटिंग शुरू कर दी है। अक्षय ने इसकी जानकारी देते हुए फ़िल्म से अपना फ़र्स्ट लुक सोशल मीडिया में शेयर किया है। अक्षय पहली बार इस अवतार में बड़े पर्दे पर नज़र आने वाले हैं।

रा सेतु में अक्षय एक आर्कियोलॉजिस्ट यानी पुरातत्ववेत्ता के किरदार में नज़र आएंगे। अक्षय पहली बार ऐसा किरदार निभा रहे हैं। अक्षय ने अपने फैंस से अपने इस लुक पर उनकी राय मांगी है। फ़िल्म की कहानी सम्भवत: रामायण काल के राम सेतु की खोज पर आधारित है, जिसके सबूत कुछ साल पहले मिले थे।
भारत और श्रीलंका के बीच समंदर में स्थित राम सेतु को एडम ब्रिज भी कहा जाता है और इसे दोनों देशों के ज़मीनी संपर्क के सबूत के तौर पर भी देखा जाता है। रामायण कथा के अनुसार, रावण द्वारा सीता के अपहरण के बाद चढ़ाई करने के लिए राम अपनी वानर सेना के साथ समुद्र मार्ग से लंका गये थे, जिसके लिए उन्होंने इस पुल का निर्माण किया था।

विकीपीडिया में दी गयी जानकारी के अनुसार, इस ब्रिज की लम्बाई 48 किमी है। इस रास्ते पर समंदर की गहराई काफ़ी कम है। 15वीं शताब्दी तक इस पर चलकर जाना सम्भव था, मगर बाद में तूफ़ानों की वजह से इस चैनल की गहराई बढ़ती गयी। रामेश्वरम मंदिर में स्थित दस्तावेज़ों के अनुसार, एडम ब्रिज या राम सेतु 1480 में तूफ़ान से पहले पूरी तरह पानी से ऊपर था।
राम सेतु में जैकलीन फ़र्नांडिस और नुसरत भरूचा भी अहम किरदारों में दिखेंगी। फ़िल्म का निर्देशन अभिषेक शर्मा कर रहे हैं, जबकि अक्षय को पृथ्वीराज में निर्देशित करने वाले डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी इस फ़िल्म से बतौर क्रिएटिव प्रोड्यूसर जुड़े हैं। फ़िल्म अगले साल रिलीज़ होगी। अक्षय ने राम सेतु का एलान पिछले साल दिवाली पर किया था। बता दें, इस फ़िल्म के साथ अमेज़न प्राइम स्टूडियो भारत में फ़िल्म निर्माण के क्षेत्र में उतर रहा है।


Next Story