मनोरंजन

आमिर खान की शादी चर्चा में

Saba Naaz
5 July 2026 4:27 PM IST
आमिर खान की शादी चर्चा में
x

मनोरंजन: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी कर ली है। दोनों ने मुंबई के बांद्रा स्थित आमिर खान के घर पर बेहद सादगी से परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी रजिस्टर कराई। इस खास मौके की पहली तस्वीर भी सामने आ गई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस लगातार उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

सामने आई तस्वीर में आमिर खान शादी के दस्तावेजों पर साइन करते हुए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। वहीं गौरी स्प्रैट बेज रंग के ट्रेडिशनल आउटफिट और ज्वेलरी में बेहद खूबसूरत दिख रही हैं। दोनों के चेहरे की खुशी इस खास पल को और भी यादगार बना रही है। इस शादी में दोनों परिवारों की मौजूदगी भी देखने को मिली। गौरी स्प्रैट के पहले विवाह से हुए बेटे और आमिर खान के बेटे आजाद राव खान भी इस मौके पर शामिल रहे। दोनों बच्चों को अंगूठी का डिब्बा पकड़े हुए देखा गया। इसके अलावा आमिर की मां जीनत हुसैन और उनकी बहनें भी इस समारोह में मौजूद रहीं।

यह सादगी भरा समारोह अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और लोग नए जोड़े को शुभकामनाएं दे रहे हैं। आमिर खान और गौरी स्प्रैट की लव स्टोरी भी लंबे समय से चर्चा में रही है। दोनों की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी, लेकिन उनकी नजदीकियां 2024 में फिर से शुरू हुईं। इसके बाद दोनों के बीच रिश्ता आगे बढ़ा और वे एक साल तक साथ रहे।

मार्च 2025 में आमिर खान ने अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी को पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी पार्टनर के रूप में पेश किया था। बाद में गौरी मुंबई आकर आमिर खान प्रोडक्शंस से भी जुड़ गईं। लंबे समय तक साथ रहने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। यह आमिर खान की तीसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। इसके बाद उन्होंने किरण राव से शादी की थी, जिनसे उनका बेटा आजाद राव खान है। साल 2021 में दोनों अलग हो गए थे, लेकिन आज भी अपने बेटे की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं।

अब आमिर खान ने गौरी स्प्रैट के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत कर दी है, जिसकी तस्वीरें और जानकारी लगातार चर्चा में बनी हुई हैं।

Next Story