मनोरंजन

10,500 साड़ियों से लेकर 1250 किलो चांदी और 28 किलो सोना

Sonam
22 July 2023 11:56 AM GMT
10,500 साड़ियों से लेकर 1250 किलो चांदी और 28 किलो सोना
x

साउथ फिल्म इंडस्ट्री की आज की टॉप एक्ट्रेसेस की बात करें, तो इस लिस्ट में सामंथा रुथ प्रभु, रश्मिका मंदाना, कीर्ति सुरेश और तृषा कृष्णन जैसी अभिनेत्रियों के नाम शामिल हैं, जो अपनी एक फिल्म के लिए करोड़ों रुपए की फीस चार्ज करती हैं। हालांकि, भारत की सबसे अमीर अभिनेत्री या सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एक्ट्रेसेस का नाम हर कुछ वर्षों में बदलता रहता है।

90 के दशक में जब से श्रीदेवी ने बॉलीवुड में अपनी हर फिल्म के लिए 1 करोड़ रुपए से अधिक चार्ज करना शुरू किया था, तब से कई अभिनेत्रियों ने भी अपनी फीस बढ़ा दी थी। हालांकि, इनमें से कोई भी तमिल फिल्म इंडस्ट्री की एक स्क्रीन क्वीन द्वारा अर्जित की गई असाधारण संपत्ति की बराबरी नहीं कर सकती, जो 1960 के दशक में सुपरस्टार थीं।

अब तक की सबसे धनी इंडियन एक्ट्रेस

दरअसल, हम बात कर रहे हैं तमिल फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज दिवंगत अदाकारा जयललिता (Jayalalithaa) की, जिनकी संपत्ति की तुलना आज भी ऐश्वर्या राय, दीपिका पादुकोण और यहां तक ​​कि दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी से नहीं की जा सकती है। जी हां, तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और अभिनेत्री अपनी पीढ़ी की सबसे सफल तमिल अभिनेत्रियों में से एक थीं। उनके फ़िल्मी और राजनीतिक करियर ने उन्हें ढेर संपत्ति अर्जित करने में मदद की। अपने जबरदस्त स्टारडम के बावजूद उन्होंने 31 साल की उम्र में फिल्मों से संन्यास ले लिया था।

जयललिता की कुल संपत्ति और असाधारण संपत्ति

'डीएनए' की एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 1997 में जयललिता के राजनीतिक करियर के चरम के दौरान कुछ अधिकारियों ने चेन्नई में उनके 'पोएस गार्डन आवास' पर छापा मारा था। छापे में अभूतपूर्व और बड़े पैमाने पर संपत्ति का पता चला था, जिसमें 10,500 साड़ियां, 750 जोड़ी जूते, 91 घड़ियां, साथ ही 800 किलोग्राम चांदी और 28 किलोग्राम सोना शामिल था।

साल 2016 में उनकी संपत्ति की एक और जांच में उनके पास 1250 किलोग्राम चांदी और 21 किलोग्राम सोना बताया गया था। अभिनेत्री से नेता बनीं जयललिता के पास 42 करोड़ रुपए की कानूनी चल संपत्ति के साथ-साथ आठ कारें भी थीं। रिपोर्टों में दावा किया गया था कि उस समय जयललिता की कुल संपत्ति 900 करोड़ रुपए थी, जो उनके द्वारा घोषित 188 करोड़ रुपए से कहीं अधिक थी।

जयललिता का फ़िल्मी और राजनीतिक करियर

साल 1948 में पूर्व मैसूर राज्य (वर्तमान कर्नाटक) के मांड्या में जन्मीं जयराम जयललिता ने 1961 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी, जब वह कन्नड़ भाषा की फिल्म 'श्री शैला महाथमे' (1961) में एक बाल कलाकार के रूप में दिखाई दी थीं। फिल्मों और नाटकों में छोटी भूमिकाओं के बाद उन्होंने 1960 के दशक के मध्य तक तमिल और तेलुगु फिल्मों में एक प्रमुख अभिनेत्री के रूप में अपनी शुरुआत की।

साल 1968 में उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया और वह धर्मेंद्र के साथ फिल्म 'इज़्ज़त' में दिखाई दी थीं। उन्होंने अपने समय में सबसे सफल अभिनेताओं के साथ अभिनय किया था, जिनमें एनटी रामाराव, अक्किनेनी नागेश्वर राव, जयशंकर और एमजी रामचंद्रन शामिल थे, जिसके बाद जयललिता 70 के दशक में साउथ इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस बन गई थीं।

1980 में उन्होंने अपने सफल फिल्मी करियर को अलविदा कहते हुए राजनीति का रुख किया और एक लोकप्रिय नेता के रूप में उभरीं। यही उनकी पॉपुलैरिटी ही थी कि अम्मा के नाम से मशहूर जयललिता 1991 से 2016 के बीच 25 सालों में वह पांच बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं। जब दिसंबर 2016 में 68 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ था, तब भी तत्कालीन मुख्यमंत्री थीं।

Sonam

Sonam

    Next Story