- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- सम्पादकीय
- /
- स्त्री की जगह

Written by जनसत्ता; आए दिन हमें यह सुनने को मिलता रहता है कि फलां महिला देश की प्रधानमंत्री बन गर्इं, फलां महिला देश की सबसे बड़ी व सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी की अध्यक्ष हैं, फलां महिला किसी कंपनी की सीईओ बन गई हैं आदि। ऐसे तर्क देकर यह साबित करने की पूरी कोशिश की जाती है कि प्रमुख क्षेत्रों में महिलाएं सर्वश्रेष्ठ पदों पर पहुंच चुकी हैं, इसलिए भारत में भी महिलाएं सशक्त हो रही हैं और शक्ति संपन्नीकरण की तरफ बढ़ रही हैं। अक्सर सभी महिलाओं को इसी आधार पर सशक्त मान लिया जाता है। लेकिन यह सब जानते हैं कि इनकी संख्या अंगुलियों पर गिनी जा सकने वाली है और ये बमुश्किल एक या दो फीसद ही है। लेकिन क्या कभी उन अठानबे फीसद महिलाओं के बारे में सोचा जाता है जो अपने अस्तित्व की खोज में और अधिकारों की तलाश में भटकने को मजबूर हैं?
हाल ही में वैश्विक आर्थिक मंच द्वारा जारी किए गए वैश्विक लैंगिक अंतराल सूचकांक में भारत को 146 देशों में से 133 वें स्थान पर रखा गया है जो भारत में महिलाओं की स्थिति को दर्शाता है। यह सूचकांक यह दिखाता है कि छोटे-छोटे और गरीब देश तक हमसे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसलिए हमें इनसे जुड़ी हुई समस्याओं को बारीकी से समझते हुए उनका निराकरण करने की आवश्यकता है।
हमारे संविधान ने महिलाओं के अधिकारों के लिए भरपूर प्रावधान किए हैं, लेकिन इन प्रावधानों का समुचित लाभ महिलाओं को न मिल पाना कहीं न कहीं समाज और उसमें व्याप्त पितृसत्तात्मक सोच की वजह से अवरुद्ध हुआ है। हम आज भी यह देखते हैं कि महिलाओं को अपने जीवन में राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक- सभी आधारों पर आज भी एक आश्रित के रूप में जीवन व्यतीत करना पड़ रहा है। इन सभी आधारों को बारीकी से देखें तो हम पाते हैं कि अगर कोई महिला राजनीतिक अधिकार प्राप्त करते हुए प्रधान का पद प्राप्त करती है तो वह सिर्फ एक रबर स्टांप के तरीके से कार्य करती है। उसकी असल भूमिका ज्यादातर उसके पति द्वारा ही निभाई जाती है।
राजनीतिक दल भी आधी आबादी की बात करते नजर आते हैं, लेकिन जब प्रतिनिधित्व की बात आती है तो वे भी आधी आबादी के हिसाब से अपने जनप्रतिनिधियों में टिकटों का बंटवारा उस हिसाब से नहीं करते कि महिलाओं को उनकी संख्या के हिसाब से प्रतिनिधित्व मिल सके। इसके अलावा, जो महिलाएं विधानसभा और लोकसभा में पहुंचती हैं, उनकी संख्या भी उतनी नहीं है कि वह महिलाओं के लिए उनकी हिस्सेदारी के हिसाब से प्रतिनिधित्व दे सकें।