सम्पादकीय

ओलिंपिक इतना जरूरी क्यों?

Gulabi
24 May 2021 2:08 PM GMT
ओलिंपिक इतना जरूरी क्यों?
x
ओलिंपिक

जब जापान कोरोना महामारी के कारण आपातकाल झेल रहा है, तब ये सवाल अहम है कि क्या कंपनियों का आर्थिक नुकसान खिलाड़ियों की सेहत और आम जन भावना से ज्यादा महत्त्वपूर्ण है? गौरतलब है कि जापान में महामारी के कारण दो तिहाई लोग इन खेलों को रद्द करने के पक्ष मे राय जता रहे हैं।

ये बात समझी जा सकती है कि अगर टोक्यो में होने वाले अगले ओलिंपिक खेलों को रद्द किया गया, तो उससे अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (आईओसी), स्थानीय आयोजकों और प्रायोजकों को भारी नुकसान होगा। उस नुकसान के एक बड़े हिस्से भरपाई बीमा कंपनियों को करनी होगी, इसलिए ये कंपनियां भी नहीं चाहेंगी कि ये खेल टलें। लेकिन जब जापान कोरोना महामारी के कारण आपातकाल झेल रहा है, तब ये सवाल अहम है कि क्या कंपनियों का आर्थिक नुकसान खिलाड़ियों की सेहत और आम जन भावना से ज्यादा महत्त्वपूर्ण है? जापान में फिलहाल महामारी के कारण आपातकाल लगा हुआ है। तमाम जनमत सर्वेक्षणों दो तिहाई लोग इन खेलों को रद्द करने के पक्ष मे राय जता रहे हैं। कई खिलाड़ियों ने भी अपनी आशंकाएं जताई हैं। लेकिन आईओसी और टोक्यो की स्थानीय आयोजन समिति इस माहौल में ही अगले 23 जुलाई से 8 अगस्त तक इन खेलों का आयोजन कराने पर अड़े हुए हैं।
इस बीच आईओसी ने टोक्यो ओलिंपिक्स के लिए जो नियमावली जारी की है, उसमें शामिल जोखिम की जिम्मेदारी से संबंधित शर्त ने खिलाड़ियों के कान खड़े कर दिए हैं। प्लेबुक के एक नियम में कहा गया है- 'तमाम सावधानियों के बावजूद हो सकता है कि जोखिम और प्रभाव पूरी तरह खत्म ना हों। इसलिए आप इन खेलों में भाग लेने के लिए अपने जोखिम पर तैयार हो रहे हैं।' यानी खिलाड़ी अपने रिस्क पर टोक्यो आएंगे। क्या यह इंसाफ है? ये उचित ही है कि खिलाड़ियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाली संस्था वर्ल्ड प्लेयर्स यूनाइटेड (डब्लूपीयू) ने इस नियम का विरोध किया है। उसने टोक्यो ओलिंपिक्स के आयोजकों से कहा है कि ऐसा नियम लागू करने के बजाय उन्हें यहां आ रहे सभी खिलाड़ियों का बीमा कराना चाहिए। संक्रामक रोग विशेषज्ञ पहले से इन खेलों के आयोजन से जुड़े खतरों की तरफ इशारा करते रहे हैँ। ध्यान दिलया गया है कि जिन गरीब देशों में टीकाकरण नहीं हुआ है, वहां के खिलाड़ी टोक्यो आएंगे, तब उन्हें यहां टीका लगाया जाएगा। ऐसे में उनके यहां संक्रमित होने का खतरा बना रहेगा। ऐसे में ये संभव है कि कुछ खिलाड़ी टोक्यो में संक्रमित होकर अपने देश लौटें। वहां उनकी देखभाल का जिम्मा किसका होगा? गौरतलब है कि आयोजकों को यहां आने वाले खिलाड़ियों, कोच, अधिकारियों या पत्रकारों के संक्रमित होने संबंधी किसी भी जिम्मेदारी से मुक्त करने का प्रावधान भी नियमावली में शामिल किया है। स्पष्टतः यह उनकी असंवेदनशील की ही मिसाल है।
क्रेडिट बाय नया इंडिया
Next Story