- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- सम्पादकीय
- /
- कारगिल युद्ध के बाद...

कारगिल युद्ध में जहां कई वीर सपूतों को हमने खोया, वहीं इसी युद्ध से सीख लेकर भारत ने अपनी सीमाओं पर सुरक्षा और अधिक बढ़ाने पर जोर दिया था। आज हमारी तीनों सेनाएं इतनी मजबूत हैं कि पड़ोसी देशों को करारा जवाब दे सकती हैं। भारत-पाकिस्तान की सेनाओं में सन् 1999 में कारगिल युद्ध हुआ जो करीब 60 दिनों तक चला। भारतीय सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुतियां देकर इस युद्ध पर विजय पाई। इसी कारण 26 जुलाई का दिन देश में कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले रणबांकुरों को इस दिन श्रद्धांजलि देकर उनके बलिदान को स्मरण किया जाता है। भारत का लोहा आज विश्व के अन्य देश भी मान रहे हैं जो कि हर्ष का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पूर्व के कार्यकाल में विश्व के कई देशों की यात्राएं करके भारत के अन्य देशों के साथ मित्रता संबंध बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी। इन देशों के साथ घनिष्ठ संबंध बनने के कारण ही उनके साथ व्यापारिक समझौते भी हुए हैं। किसी भी देश के साथ जब तक मैत्रीपूर्ण संबंध प्रगाढ़ नहीं बनते, तब तक व्यावसायिक बन पाना मुश्किल होता है। आज वही देश भारत की विदेश नीति से फलीभूत होकर कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार हैं। हमारे देश की जनता अपने वीर सैनिकों पर अत्यधिक विश्वास करती है।
By: divyahimachal
