- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- सम्पादकीय
- /
- अग्निकांड रोकने को कुछ...

विश्व में गर्मियों में कई जंगलों में भीषण आग लगती है और उससे न केवल मीलों फैले जंगल तबाह हो जाते हैं, अपितु जंगलों में रहने वाले पशु-पक्षी और जीव-जंतु भी अपनी जान गंवा देते हैं। 2019-20 में ऑस्ट्रेलिया में जंगलों में आग की घटना को कौन भूल सकता है? 18 मिलियन हेक्टेयर जंगल जल कर राख हो गए थे, कितने ही जंगली जानवरों ने आग की लपटों में खुद को असहाय भस्म होने के लिए सौंप दिया था। इस आग को ब्लैक समर बुश फायर का नाम दिया गया था। भारत में हिमाचल तथा उत्तराखंड के जंगलों में गर्मियों में अधिकतम आग लगने की घटनाएं होती हैं। इसका सबसे बडा कारण चीड़, देवदार, रई के पौधे तेजी से आग पकड़ना है। सूखी घास, चीड़ की सूखी पत्तियां सूरज की तेज़ किरणों से आग पकड़ सकती हैं। आग धीरे-धीरे सुलगती है और देखते-देखते मीलों फैले जंगल राख होने लगते हैं। यही नहीं, जंगल में सभी प्राणी अपनी जान से हाथ धो बैठते हैं। उन्हें बचाना बहुत कठिन होता है। तेजी से फैल रही आग को काबू में करना बहुत ही जटिल कार्य होता है। गत 27 अप्रैल को जिला मंडी के करसोग के जंगलों में लगी भीषण आग ने यह बात स्पष्ट कर दी है कि गर्मियों में जंगलों की आग को रोकना सबसे अहम कार्य होना चाहिए। जमीन व जंगल और जंगली जीव-जंतु इस आग की चपेट में हैं। जंगलों में आग न लगे, इसके लिए नए सिरे से सोचना होगा। चीड़-देवदार के पेड़ों की जगह बड़े चौड़े पत्तों वाले पेड़ों के बारे में गंभीरता से सोचना होगा। सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करना होगा। सतत विकास लक्ष्यों को अपनाने का फैसला संयुक्त राष्ट्र शिखर सम्मेलन में 2015 में एक बड़ी बैठक में लिया गया था जिसमें 193 देशों न भाग लिया था। इस बैठक में 15 साल के लिए 17 लक्ष्य तय किए गए थे और यह लक्ष्य 2030 तक पूरे हो जाने चाहिएं। सतत विकास के 15वें लक्ष्य पर अगर हम ध्यान दें तो यह लक्ष्य भूमि पर जीवन की बात करता है। जंगलों के संरक्षण की बात करता है। इसी लक्ष्य की पूर्ति के लिए मौजूदा जंगलों और नए विकसित किए जा रहे जंगलों के बारे में सोचना होगा।
