- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- सम्पादकीय
- /
- राहुल की गौरतलब बात

NI एडिटोरियल: हार्वर्ड केनेडी स्कूल में प्रोफेसर निकोलस बर्न्स और इस स्कूल के छात्रों के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बातचीत इस लिहाज से अहम रही कि इसमें पहली बार राहुल गांधी ने अर्थनीति के बारे में अपनी सोच का संकेत दिया। साथ ही चीन की उभरती हैसियत और उससे पेश आ रही चुनौतियों के बारे में उनका क्या आकलन है, इसका भी एक अंदाजा उन्होंने पेश किया। चीन का मसला इसलिए अहम रहा, क्योंकि राहुल गांधी की बातों से निकोलस बर्न्स असहज नजर आए। बर्न्स पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश जूनियर के दौर में विदेश उपमंत्री रह चुके हैं। इसलिए स्वाभाविक है कि वे अमेरिकी ऐस्टैबलिशमेंट के विचारों से गहराई से जुड़े हैं। लेकिन राहुल गांधी ने चीन की चुनौती का मुकाबला करने की अमेरिकी नीति से असहमति जताई। उन्होंने कहा कि चीन की असल ताकत आर्थिक और वहां बढ़ रही लोगों की माली खुशहाली से आ रही है। जबकि अमेरिका इस चुनौती का सैनिक समाधान ढूंढ रहा है। खास बात यह है कि राहुल गांधी ने यहां विनम्रता, लेकिन मजबूती से एक राजनेता की तरह अपनी बात कहते नजर आए। यह उनके व्यक्तित्व में हुए विकास और अपनी सोच को लेकर बढ़े आत्म-विश्वास का परिचायक है।





