सम्पादकीय

नवनीत गुर्जर का कॉलम: अकाल, दुष्काल की तमाम आशंकाएं धुल गईं, इस महंगाई पर लगाम लगाने की जरूरत है

Gulabi
2 Sep 2021 12:31 PM GMT
नवनीत गुर्जर का कॉलम: अकाल, दुष्काल की तमाम आशंकाएं धुल गईं, इस महंगाई पर लगाम लगाने की जरूरत है
x
धूप की नदी में नहा रहे लोगों को राहत मिल गई

धूप की नदी में नहा रहे लोगों को राहत मिल गई। कहीं मूसलाधार, कहीं हिचकी-हिचकी ही सही, लेकिन लम्बी छुट्टी के बाद बारिश फिर आ पहुंची है। सुबह से ही पूरब की खटिया ख़ाली थी। धरती धूप का उबटन मलने से वंचित हो गई। सूरज की पहली किरण रात के माथे पर तिलक लगाने नहीं आई। सुबह की भी आधी आंख ही खुली थी। देखा- टीन की छत, तिर्पाल का छज्जा, पत्ते, परनाला, सब बजने लगे।

कार की छत पर ताल दे रही थी बूंदें। गीले बदन कुछ हवा के झोंके पेड़ों की शाख़ों पर चलते दिखाई दे रहे थे। शीशों पर फिसलता पानी कुछ अजीब कहानी लिख रहा था। बाहर खुलती खिड़की के ऊपर का छज्जा इठला रहा था। गारे-पत्थर की दीवारों पर फिर से भीगे-भीगे नक्शे बनने लगे थे। करीब महीने भर पहले बारिश हमें अपने हाल पर छोड़कर चली गई थी। जैसे अफगानिस्तान को आतंक की गर्मी में तपता छोड़कर चला गया है अमेरिका। बारिश लौट आई है पर अमेरिका का कोई ठिकाना नहीं है।
उसकी वापसी के कोई आसार नहीं हैं। अफगान धरती पर उनींदे पड़े अमेरिकी विमानों पर चढ़- चढ़कर आतंकवादी सेल्फी ले रहे हैं। हालांकि भारत ने तालिबान को चेताया है कि अफगान धरती का इस्तेमाल हमारे खिलाफ हुआ तो ठीक नहीं होगा। लेकिन कहते हैं- चोर चोरी से जाय, हेराफेरी से न जाय। इसलिए भारत को सावधान रहना ही होगा। सावधान है भी। कहीं कोई जैश- ए- मुहम्मद या उस जैसा कोई और आतंकी संगठन, कश्मीर में उत्पात मचाने के लिए तालिबान से संधि न कर ले, इस पर नजर गड़ाए रखना होगा।
हालांकि भारत की खुफिया एजेंसियां, सेना और सरकार की इच्छा शक्ति बेहद मजबूत है और तालिबान से या अफगान धरती से फिलहाल ही नहीं बल्कि आगे भी कोई खतरा पैदा होने की कोई आशंका नहीं है। बहरहाल, कोरोना की तीसरी लहर को मात देने के लिए भारत डटकर खड़ा है। वैक्सीनेशन पूरे जोरों पर है और तीसरी लहर की संभावना भी लगभग क्षीण दिखाई दे रही है। विकास दर सुधर रही है।
निश्चित ही इस बार दीवाली जगमग होगी। जाते- जाते बारिश ने और भी उम्मीद जगा दी है। कहीं-कहीं जहां अकाल या दुष्काल की आशंका थी, वह भी अब पूरी तरह धुल चुकी है। बारिश होती ही ऐसी है। अच्छा-बुरा सब कुछ धुल जाता है। फिलहाल फसलों के चौपट हो जाने की तमाम आशंकाएं भी धुल चुकी हैं। फसल इस बार अच्छी होने वाली है और यही वजह है कि विकास दर या जीडीपी की रफ्तार अगली तिमाही में भी बनी रहनी की संभावना प्रबल है।
त्योहारी सीजन इस रफ्तार को और नई ऊर्जा देने वाला है। महंगाई जरूर बढ़ रही है। इसका कोई छोर नजर नहीं आ रहा है। खाने का तेल हो या पेट्रोल-डीज़ल, सब में आग लगी है। इस महंगाई पर लगाम लगाने की जरूरत है। केंद्र न सही, केवल राज्य सरकारें भी ठान लें तो भी महंगाई पर पार पाया जा सकता है, लेकिन ऐसा कोई प्रयास फिलहाल तो नजर नहीं आ रहा है।
Next Story