सम्पादकीय

Kaushal Kishore की कविताएं मानवीय मूल्यों और संघर्ष व साहस से लबरेज - प्रो सुधा उपाध्याय

Gulabi Jagat
24 Jun 2024 4:59 PM GMT
Kaushal Kishore की कविताएं मानवीय मूल्यों और संघर्ष व साहस से लबरेज - प्रो सुधा उपाध्याय
x
'आखर' ई जर्नल तथा फटकन यूट्यूब चैनल की ओर से कौशल किशोर के कविता संग्रह 'समकाल की आवाज चयनित कविताएं' पर परिचर्चा का आयोजन बीते रविवार को किया गया। इस कृति का प्रकाशन न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन ने किया है। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता कवि व आलोचक प्रोफेसर सुधा उपाध्याय (दिल्ली विश्वविद्यालय) थीं। उन्होंने कहा कि कौशल किशोर मुद्दों के कवि हैं। कविताएं मानवीय मूल्यों और संघर्ष व साहस से लबरेज हैं। इनमें कवि का कर्म और मर्म है , उसका संघर्ष व प्रतिरोध की कुवत है और इसे व्यक्त करने की भाषा है। यहां पूर्ववर्ती कवियों की स्मृतियां हैं। साथीपन का भाव है। कविताएं लड़ने-भिड़ने की शक्ति देती हैं। 'समकाल की आवाज' इसी का दस्तावेज है। सुधा उपाध्याय का कहना था कि हरेक रचनाकार राग-विराग की बात करता है। कौशल किशोर की कविता में जीवन का राग है, समय-समाज में रहने वालों की निजी अस्मिताएं हैं, माटी की गंध है। कौशल किशोर व्यवस्था के रेशे रेशे की शिनाख्त करते हैं। वे प्रॉब्लम एरिया को पकड़ते हैं। कविता में इस दौर के बड़े उथल-पुथल चाहे वह राजनीतिक हो या सामाजिक, उसकी पड़ताल है। यहां नक्सलबाड़ी है, किसानों का विद्रोह है। आज जनतंत्र आहत है। उसके आवरण में अधिनायकवाद फल फूल रहा है। पुराने मूल्य जर्जर हो रहे हैं। नया उदित नहीं हो रहा है। त्रिशंकु जैसी हालत है। कौशल किशोर इस द्वंद्व को कविता में उकेरते हैं।
सुधा उपाध्याय sudha upadhyay ने कौशल किशोर की अनेक कविताओं का विवेचन-विश्लेषण किया। इस संबंध में उन्होंने 'वक्त कविता के हमलावर होने का है' की विशेष चर्चा की और कहा कि यह कविता राजेश जोशी की 'मारे जाएंगे' कविता की याद दिलाती है। यह ऐसी कविता है जिसे पाठ्यक्रम में होना चाहिए। शोधार्थियों-विद्यार्थियों Researchers-students को इस पर गौर करना चाहिए। 'समकालीनता' भी ऐसी ही कविता है जो आज के समय की क्रूरता और बुलडोजरी संस्कृति को सामने लाती है। सुधा जी का आगे कहना था कि कौशल किशोर के लिए कविता डायरी में दर्ज करने वाली और मात्र सुनने सुनाने वाली चीज नहीं है बल्कि वह संघर्ष का हथियार है, सामाजिक कर्म का हिस्सा है, समाज से जुड़ने और उसके बदलने का टूल्स है। वे अपनी कविता में कहते हैं - 'यह उसके शब्दों की ताकत है कि/ मर गए और मार दिए गए लोगों के बीच भी/वह जिन्दा रहती है' वह आगे कहते हैं कि 'तोप चाहे जितनी मजबूत हो/ एक न एक दिन उसका मुंह बंद होता ही है /आज भी अगर कुछ करना है तो/तोप का मुंह तानाशाहों की ओर करना है/ वक्त कविता के हमलावर होने का है।'
इस अवसर पर कौशल किशोर ने अपनी रचना प्रक्रिया और साहित्य यात्रा के बारे में बताया। उन्होंने दिनकर जी को याद किया और कहा कि उन्होंने तटस्थता के विरुद्ध पक्षधरता की बात की थी। यह समय है जब मनुष्य को मनुष्य विरोधी तथा समाज को समाज विरोधी बनाया जा रहा है। लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी खतरे में है, ऐसे समय में कवि व लेखक से हस्तक्षेप की उम्मीद की जाती है। वर्तमान में उसे तय करना है कि वह किसके साथ है और किसके विरोध में है। कौशल किशोर ने संग्रह से 'समकालीनता', 'दुख बहस के बीच', 'कनेरी की आंखें', 'मैं और मेरी परछाई', 'अनन्त है यात्रा' आदि कविताओं का पाठ किया।
कार्यक्रम की संयोजक 'आखर' की संपादक प्रोफेसर प्रतिभा मुदलियार (मैसूर विश्वविद्यालय) थीं। सभी का स्वागत करते व कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हम उत्तर व दक्षिण के बीच सेतु बनाना चाहते हैं। उनका कहना था कि कविता का मूल सरोकार मानवता है और यह कौशल किशोर की कविताओं के केंद्र में है। यहां किसानों का विद्रोह है तो जीवन के तमाम उतार चढ़ाव है। कविता क्रूर काल में जानोपयोगी मूल्यों को सामने लाती है। इस भौतिक जगत के कुछ नए प्रश्नों को उकेरती है। इन्होंने माना है कि जीवन यथार्थ बदलने से कविता की जमीन भी बदलती है। कविता समकाल के प्रश्नों से रुबरु है। इनमें सामाजिक विमर्श है। कार्यक्रम का संचालन गौरी वत्स ने किया और 'आखर' की कार्यकारी संपादक डॉ शोभना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर कवि-कथाकार डॉ रेनू यादव भी मौजूद थीं। हिंदी के प्रतिष्ठित कवि और गद्यकार दिविक रमेश और कवि व लेखक डॉ अवन्तिका सिंह ने अपनी टिप्पणियों से आयोजन को समृद्ध किया। डॉ शशिभूषण मिश्र को भी शामिल होना था लेकिन नेटवर्क की दिक्कत के कारण वे नहीं जुड़ पाए।
Next Story