सम्पादकीय

हिन्दी लेखकों को लोकप्रियता विरोधी पाखण्ड का पिण्डदान कर देना चाहिए

Rani Sahu
7 Jun 2022 5:30 PM GMT
हिन्दी लेखकों को लोकप्रियता विरोधी पाखण्ड का पिण्डदान कर देना चाहिए
x
लोकप्रियता पर लानत भेजना हिन्दी समाज में लेखक से साहित्यकार तक ले जाने वाली सीढ़ी का पहला डण्डा है

रंगनाथ सिंह

लोकप्रियता पर लानत भेजना हिन्दी समाज में लेखक से साहित्यकार तक ले जाने वाली सीढ़ी का पहला डण्डा है। जब कोई नया बालक लेखन की दुनिया में दीक्षित होने के लिए गुरुमुख होता है तो गुरु उसके कान में मंत्र बुदबुदाता है- 'लोकप्रियता गुणवत्ता का पैमाना नहीं है।' सच्चा हिन्दी वीलबालक गुरुमुखी होता है इसलिए आजीवन अपने गुरु का स्मरण करते हुए यह मंत्र बुदबुदाता रहता है, 'लोकप्रियता गुणवत्ता का पैमाना नहीं है।'
हमारे लेखक इतने ज्यादा लोकप्रियता विरोधी हैं कि उनके हर बैनर-पोस्टर पर प्रसिद्ध लेखक, जानेमाने कथाकार, चर्चित कहानीकार इत्यादि लिखा होता है लेकिन मजाल है कि किसी पोस्टर में साहित्यकार के नाम के आगे लोकप्रिय विशेषण दिख जाए? जानेमाने या चर्चित होने के साथ-साथ किसी लेखक की किताबें जरूरत से ज्यादा बिकने लगें तो कुछ लोग उनके पीछे हाथ धो कर पीछे पड़ जाते हैं कि इसने साहित्यकारों का नाम खराब कर दिया। यह अलग बात है कि हमारे साहित्कार लोकप्रिय होने के सभी सम्भव दाँव-पेंच आजमाते रहते हैं।
जनदबाव और आबोहवा को भाँपने में माहिर कुछ लेखकों ने खुद को लोकप्रियता के झण्डाबरदार के तौर पर मार्केट में पोजिशन किया लेकिन ऐसे लेखकों के अन्दर भी दबा पड़ा साहित्यकार जब नहीं तब जाग जाता है। आधी रात को बुरा सपना देखकर भौंचक उठने जैसी अवस्था में वे अचानक ही अपना सुर बदलते हुए सोशलमीडिया पर बुदबुदाने लगते हैं कि 'लोकप्रियता गुणवत्ता का पैमाना नहीं है।' इस सिक्के का दूसरा पहलू भी उतना ही चर्चित है। कुछ लोग मानते हैं कि लोकप्रियता गुणवत्ता का पैमाना है जबकि ऐसा नहीं है।
यह अनुभवसिद्ध ज्ञान है कि लोकप्रियता ज्यादा टिकाऊ चीज नहीं है। कोई रचना किसी समय बहुत लोकप्रिय हो जाए तो जरूरी नहीं कि आने वाली पीढ़ियाँ भी उसे मूल्यवान मानें। लोकप्रियता तात्कालिक स्वीकार्यता का प्रमाण है, सर्वकालिक स्वीकार्यता का नहीं। जो साहित्य जितने लम्बे समय तक प्रासंगिक और समीचीन बना रहता है उसकी गुणवत्ता उतनी अधिक मानी जाती है। लोकप्रियता के सन्दर्भ में कह सकते हैं कि जो साहित्य आने वाले वक्त में भी अपने लिए एक पाठक वर्ग खोज लेता है वही कालजयी साहित्य है।
हिन्दी साहित्यकार यह कभी नहीं समझ पाता कि महान से महान साहित्य तभी महान बन पाता है जब वह नियमित तौर पर अपना पाठक-वर्ग खोजता रहता है। अकेली पड़ी किताब और तराजू का बटखरा एक बराबर हैं। किताब तभी मुकम्मल होती है जब पाठक उसे पढ़ता है। दुनिया में कोई ऐसा साहित्य नहीं है जिसे दुनिया का हर आदमी पढ़ता है। हर तरह के साहित्य का एक पाठक वर्ग होता है। किसी भी साहित्य की लोकप्रियता उसके पाठक वर्ग के अन्दर मापी जानी चाहिए। मसलन,समकालीन हिन्दी साहित्य की बात करें तो यदि विनोद कुमार शुक्ल को पढ़ने वाले पाठक 5-10 हजार है तो यह देखना चाहिए कि कोई साहित्यिक किताब इन 5-10 लोगों के बीच कितनी लोकप्रिय रही है। सुरेंद्र मोहन पाठक के लेखकों से पूछना कि आपको विनोद कुमार शुक्ल कैसे लगते हैं, नाइंसाफी है। दोनों लेखकों का जॉनर अलग-अलग है। दोनों की लोकप्रियता उनके जॉनर के पाठक-वर्ग में देखी जानी चाहिए।
लोकप्रियता का एक दूसरा नकारात्मक पक्ष भी है। विभिन्न माध्यमों से जनता को मनोरजंन प्रदान करने वाले अपने समय में ज्यादा लोकप्रिय होते हैं लेकिन मानव सभ्यता केवल मनोरंजन के दम पर नहीं टिकी है। यदि हर प्रतिभा लोकप्रियता के पीछे भागने लगे तो दुनिया का विकास थम जाएगा। कुछ लोग कहते हैं कि जब आइंस्टीन पूरी दुनिया के सबसे मशहूर वैज्ञानिक हो चुके थे तब उनके सिद्धान्त को ठीक से समझने वाले दुनिया में केवल आठ प्रोफेसर थे। खुद आइंस्टीन ने पॉल रॉब्सन से मजाक किया था कि आप इसलिए लोकप्रिय हैं कि आपका काम सब समझते हैं, और मैं इसलिए कि मेरा काम बहुत कम लोग समझते हैं। सत्येन्द्र नाथ बोस को वह लोकप्रियता कभी नहीं मिलेगी जो प्रेमचन्द को मिली जबकि दोनों ने मानवीय ज्ञान के विकास में बहुमूल्य योगदान दिया।
अगर हम हिन्दी साहित्य की बात कर लें तो मैं जिस दायरे में रहता हूँ उसमें मुक्तिबोध सबसे लोकप्रिय कवि हैं। वहीं एक दायरा ऐसा है जिसमें कुमार विश्वास लोकप्रिय हैं। सही मायनों में दोनों दायरों में कोई आपसी टकराव नहीं है लेकिन कुछ लोग जातीय श्रेष्ठता ग्रन्थि से इतने पीड़ित होते हैं कि वो कुमार विश्वास को छोटा साबित करने में एड़ी-चोटी का जोर लगा देते हैं। उनका बरताव ऐसा होता है जैसे कुमार विश्वास कोई असमाजिक तत्व हो जिससे समाज को बचाना जरूरी हो। ऐसे लोग यह कभी नहीं समझ पाते कि विश्व इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ जब समूची मानव जाति अनुभव, संवेदना और और ज्ञान के एक धरातल पर खड़ी रही हो। हम जिसे महान साहित्य मानते हैं उसकी एक ही खूबी है जो उसे महान बनाती है। वह खूबी है, देश, काल और भाषा का अतिक्रमण करने की क्षमता। कालिदास इसलिए महान लेखक हैं क्योंकि अपनी मृत्यु के हजार साल बाद भी संस्कृत से अंग्रेजी अनुवाद में पढ़ रहे यूरोपीय को भी उनका साहित्य उत्कृष्ट लगता है।
यह कतई न समझिएगा कि विदेशी भाषाओं में अनुवाद से कोई साहित्य महान बन जाता है। संस्कृति उद्योग (कल्चर इंडस्ट्री) भी एक तरह का उद्योग है। भाषेतर साहित्यिक नेटवर्क में पैठ रखने वाले लेखक बहुत जल्दी अन्य भाषाओं में अनूदित हो जाते हैं लेकिन वहाँ भी सवाल वही है कि क्या उस भाषा में उनका कोई पाठक वर्ग तैयार हुआ है? या बस वो जुगाड़ के दम पर वहाँ के पुस्तकालयों में सेट हो गये हैं। ऊपर मुक्तिबोध का जिक्र आया था। जिस पाठक वर्ग में मुक्तिबोध लोकप्रिय हैं उसी पाठक वर्ग में जर्मन कवि ब्रेख्त भी बहुत लोकप्रिय हैं। यह लोकप्रियता ब्रेख्त ने अपने लेखन के दम पर हासिल की है न कि किसी नेटवर्क के दम पर। नेटवर्क ने हिन्दी को उनसे मुखातिब जरूर कराया।
मेरे ख्याल से हिन्दी लेखकों को इस पाखण्ड का पिण्डदान कर देना चाहिए कि 'लोकप्रियता गुणवत्ता का पैमाना नहीं है।' यह मान लेना चाहिए कि अपने पाठक वर्ग में स्वीकार्य होना, हर लेखक का उद्देश्य होता है। अपना पाठक जगत ढूँढे बिना दुनिया का कोई साहित्य तैयार नहीं होता। पाठक के बिना रचना अधूरी है। किसका साहित्य देश, काल और भाषा की सीमा का अतिक्रमण करेगा इसका जवाब केवल काल के पास है।

सोर्स - lokmatnews

Rani Sahu

Rani Sahu

    Next Story