सम्पादकीय

चीन का जवाबी दांव

Gulabi Jagat
23 Aug 2022 12:48 PM GMT
चीन का जवाबी दांव
x
By NI Editorial
नैंसी पेलोसी की यात्रा के चीन ने मेडियन लाइन को निष्प्रभावी कर दिया है। तो प्रश्न उठा है कि क्या पेलोसी की यात्रा असल में अमेरिका के लिए रणनीतिक नुकसान का सौदा साबित हुआ है?
अब अमेरिका ने भी यह स्वीकार कर लिया है कि ताइवान के आसपास चीन ने 'न्यू नॉर्मल' कायम कर दिया है। यानी उसने अपने अनुकूल एक स्थिति बना दी है। कुछ अमेरिकी विशेषज्ञों ने इस बारे में पहले से चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से चीन को ताइवान जलडमरुमध्य में यथास्थिति को बदलने को मौका मिल जाएगा। ये बात सच साबित हुई है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय में रक्षा नीति के प्रभारी उप मंत्री कॉलिन काल ने कुछ ही रोज ये बात स्वीकार की। उन्होंने कहा- 'चीन ने एक न्यू नॉर्मल बनाने की कोशिश की है।' इस महीने के आरंभ में हुई पेलोसी की यात्रा के तुरंत बाद चीनी सेना ताइवान के आसपास एक बड़ा सैनिक अभ्यास शुरू कर दिया था। उस दौरान ताइवान के वायु क्षेत्र में विमानों ने उड़ानें भरीं और ताइवान के ऊपर से बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। लेकिन बात यहीं नहीं ठहरी। सैनिक अभ्यास खत्म होने के बाद भी चीन के लड़ाकू विमानों ने ताइवान के वायु क्षेत्र में उड़ान भरना जारी रखा है।
चीनी मीडिया में कहा गया है कि ऐसी उड़ानों के निकट भविष्य में रुकने की कोई संभावना नहीं है। चीन की मुख्य भूमि और ताइवान द्वीप के बीच 180 किलोमीटर का जलडमरुमध्य है। पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद से इस जल क्षेत्र में अपनी चीनी सेना उन स्थलों तक गई है, जहां पहले वह नहीं जाती थी। अमेरिका ने इसे चीनी सेना की 'भड़काऊ, अस्थिरता लाने वाली और अभूतपूर्व' कार्रवाई' बताया है। जबकि चीन का आरोप है कि पेलोसी की यात्रा के एक भड़काऊ कार्रवाई थी। यह वन चाइना पॉलिसी का उल्लंघन थी, जिसके प्रति अमेरिका बार-बार अपनी वचनबद्धता जता चुका है। तकरीबन 60 वर्ष पहले अमेरिकी हस्तक्षेप से ताइवान जलडमरुमध्य में एक मेडियन लाइन तय की गई थी, जिसे व्यावहारिक रूप में चीन और ताइवान के बीच की सीमा समझा जाता था। चीन पेलोसी की यात्रा के पहले तक इस रेखा का पालन करता था। लेकिन अब उसने इस रेखा को निष्प्रभावी कर दिया है। तो प्रश्न उठा है कि क्या पेलोसी की यात्रा असल में रणनीतिक रूप से अमेरिका के लिए नुकसान का सौदा साबित हुआ है?
Gulabi Jagat

Gulabi Jagat

    Next Story