सम्पादकीय

एक नया सिर दर्द

Gulabi
24 Dec 2021 5:00 AM GMT
एक नया सिर दर्द
x
अपने पास-पड़ोस में भारत के लिए आज दोस्त की तलाश बहुत मुश्किल हो गई है
मालदीव में भारत को लेकर प्रमुख विवाद भारतीय नौसेना के बेड़ों की मौजूदगी को लेकर रहा है। वहां भारतीय नौसेना का एक डोर्नियर विमान और दो हेलीकॉप्टर हैं। इसके अलावा ये विमान मालदीव्स के विशाल इकॉनमिक जोन को अवैध मछली पकड़ने से भी बचाने के लिए इस्तेमाल होते हैं।
अपने पास-पड़ोस में भारत के लिए आज दोस्त की तलाश बहुत मुश्किल हो गई है। गुजरे वर्षों में अधिकांश पड़ोसी देशों के साथ भारत के रिश्तों में पेच बढ़ते गए हैँ। उसके बीच मालदीव एक अपवाद रहा है, जहां भारत के लिए अपेक्षाकृत स्थितियां बनी थीं। लेकिन वहां भी एक नया सिर दर्द पैदा होने के संकेत हैँ। वहां 'इंडिया आउट' आंदोलन की शुरुआत की गई है, जिसका नेतृत्व पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन कर रहे हैं। यामीन को चीन का करीबी माना जाता है। 2018 में वह चुनाव हार गए थे। बाद में उन्हें हवाला कारोबार में शामिल होने और एक अरब डॉलर के सरकारी धन का दुरुपयोग करने का दोषी पाया गया। इसके लिए 2019 में यामीन को पांच साल की सजा हुई थी। कोविड-19 के कारण उनकी जेल की सजा को घर में नजरबंदी में तब्दील कर दिया गया था। अब बीते नवंबर में यामीन के खिलाफ लगे सारे आरोप खारिज कर दिए गए और उन्हें रिहा कर दिया गया। इससे उनका दोबारा राजनीति करने का रास्ता भी साफ हो गया। यामीन के रिहा होने के कुछ ही दिन बाद 'इंडिया आउट' आंदोलन ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है।
यामीन की 'प्रोग्रेसिव पार्टी ऑफ मालदीव (पीपीएम)' इस आंदोलन का नेतृत्व कर रही है। अब यह अभियान सोशल मीडिया पर भी खासी चर्चा बटोर रहा है। लाल टीशर्ट पहने यामीन के समर्थकों की तस्वीरें कई प्लैटफॉर्म पर वायरल हो रही हैं। इन टीशर्ट पर 'इंडिया आउट' लिखा हुआ है। इस महीने की शुरुआत में पीपीएम ने कहा था कि यामीन इस अभियान को ताकत देने के लिए देशभर की यात्रा करेंगे, ताकि 'हिंद माहासागर से घिरे द्वीपसमूह में भारतीय सैनिकों की मौजूदगी' का विरोध किया जाए। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह इस बात से इनकार करते हैं कि देश में भारतीय सेना मौजूद है। उन्होंने भारत को अपना "सबसे करीबी सहयोगी और विश्वसनीय पड़ोसी" बताया है। लेकिन यामीन समर्थक इस बात पर यकीन करने को तैयार नहीं हैँ। मालदीव में भारत को लेकर प्रमुख विवाद भारतीय नौसेना के बेड़ों की मौजूदगी को लेकर रहा है। वहां भारतीय नौसेना का एक डोर्नियर विमान और दो हेलीकॉप्टर हैं। इसके अलावा ये विमान मालदीव्स के विशाल इकॉनमिक जोन को अवैध मछली पकड़ने से भी बचाने के लिए इस्तेमाल होते हैं। लेकिन विपक्षी नेताओं का कहना है कि विदेशी सेना की मौजूदगी मालदीव्स की संप्रभुता का अपमान है।
नया इण्डिया
Next Story