जरा हटके
भगवान को चिट्ठी लिख कर मन्नतें मांग रहे हैं भक्त, जानकर हो जाएंगे हैरान
Ritisha Jaiswal
15 Nov 2021 6:24 PM GMT

x
भारत में कई प्राचीन मंदिर हैं जो पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। इन मंदिरों के बारे में कहा जाता है
भारत में कई प्राचीन मंदिर हैं जो पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। इन मंदिरों के बारे में कहा जाता है कि यहां लोगों की मन्नतें पूरी हो जाती हैं। भारत के कर्नाटक राज्य में एक ऐसा ही मंदिर स्थित है। हासन जिले में स्थित इस प्राचीन मंदिर में हर साल हसनंबा महोत्सव लगता है। महोत्सव के दौरान यहां पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस साल भी यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। अपनी मनोकामना को पूरा करने के लिए भगवान को भक्त अजीबोगरीब पत्र लिख रहे हैं।
भगवान को लिखी गईं कई चिट्ठियां सोशल मीडिया पर किसी ने पोस्ट कर दी हैं जो वायरल हो गई हैं। यह मंदिर साल में सिर्फ एक बार एक हफ्ते के लिए खुलता है। इस बार श्रद्धालुओं के लिए यह मंदिर 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक खोला गया था। यह मंदिर अपने चमत्कारों के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। यह मंदिर दीवाली के दौरान कुछ समय के लिए खोला जाता है। इसके बाद इसके कपाट एक साल तक के लिए बंद कर दिए जाते हैं।
भगवान को लोगों ने ऐसे ऐसे पत्र लिखकर अपनी अरदास लगाई हैं जिसे पढ़ने के बाद आपको यकीन नहीं होगा। लोगों के लिखे अजीबोगरीब पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक भक्त ने अपने पत्र में लिखा है कि होलेनरसीपुरा निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को नया विधायक मिले। भगवान ऐसा करो कि वर्तमान विधायक के परिवार के हर किसी की चुनाव में हार हो जाए। आप यहां के लोगों को बचा लीजिए।
एक भक्त ने ऐसा पत्र लिखा है जिसे पढ़ने के बाद आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। भक्त ने पत्र लिखकर भगवान से मन्नत मांगी है कि उसके बड़े बेटे को खूबसूरत बीवी मिल जाए जबकि एक दूसरे भक्त ने पत्र में लिखा है कि उसे परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक मिल जाए।
सोशल मीडिया पर इस तरह की कई चिट्ठियां वायरल हो रही हैं। एक चिट्ठी में एक भक्त ने लिखा है कि उसके घर के पास स्थित सड़क के गड्ढे ठीक हो जाएं। एक भक्त ने लिखा है कि उसकी मनोकामना पूरी हो जाएगी, तो वह मंदिर में5000 रुपये चढ़ाएगा।
जानिए कब हुआ था मंदिर का निर्माण
माना जाता है कि इस मंदिर का निर्माण होयसला वंश के दौरान हुआ होगा। मंदिर के इतिहास के बारे में कोई दस्तावेज नहीं है। होयसला शासनकाल के दौरान कर्नाटक में हासन सबसे बड़ा शहर था। हसनंबा मंदिर को हासन की अधिष्ठात्री देवी मंदिर के तौर पर जाना जाता है।

Ritisha Jaiswal
Next Story