जरा हटके

ऐसे देश जहां, एक ही समय पर कहीं निकलती है धूप, तो कहीं होती है तेज बारिश

Shiddhant Shriwas
5 July 2021 11:29 AM GMT
ऐसे देश जहां, एक ही समय पर कहीं निकलती है धूप, तो कहीं होती है तेज बारिश
x
जून का महीना अपनी रिकॉर्ड गर्मी के लिए लगातार खबरों में बना रहा। इस महीने भी कई ठंडे देश फिलहाल भीषण गर्मी से बेहाल हैं। बात कनाडा की ही करें, तो यहां पारा 50 के पास पहुंच गया है। इतना ही नहीं गर्मी के कारण लगातार लोगों की जानें जा रही हैं

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। जून का महीना अपनी रिकॉर्ड गर्मी के लिए लगातार खबरों में बना रहा। इस महीने भी कई ठंडे देश फिलहाल भीषण गर्मी से बेहाल हैं। बात कनाडा की ही करें, तो यहां पारा 50 के पास पहुंच गया है। इतना ही नहीं गर्मी के कारण लगातार लोगों की जानें जा रही हैं। बेहद ठंडे इलाके साइबेरिया समेत रूस के कई हिस्सों में भी यही हाल है। इन इलाकों में बिल्कुल भारत के गर्म राज्यों जैसे हालात हो गए हैं। लेकिन आज हम आपको कुछ ऐसे देशों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां हर तरह का मौसम देखने को मिलता है। इन देशों में एक ही समय पर कुछ इलाकों में तेज धूप निकली होती है, तो कुछ हिस्सों में बारिश हो रही होती है।

बात अगर न्यूजीलैंड की ही करें, तो यहां हर तरह का मौसम देखने को मिल जाता है। ये एक ऐसा देश है, जिसे बर्फबारी पसंद करने वाले लोग भी पसंद करते हैं और वॉटर स्कीइंग करते लोग भी।

न्यूजीलैंड में पहाड़ों की श्रृंखला भी है और घने जंगलों को मिलाकर बने नेशनल पार्क भी। विशेष प्राकृतिक बनावट के कारण यहां का मौसम भी अलग-अलग है, जैसे उत्तरी हिस्सों में गर्मी है, तो पश्चिमी हिस्सों में पहाड़ों के कारण सर्दी और बारिश का मौसम होता है।

अमेरिका भी कुछ इसी तरह का देश है, जहां अलग-अलग राज्यों में एकदम अलग-अलग मौसम रहता है। अलास्का में बर्फ है, तो पश्चिमी हिस्सों में रेगिस्तान फैला हुआ है। मौसम और भौगोलिक आधार पर अमेरिका को 6 मुख्य जगहों में बांटा गया है, ताकि मौसम के मुताबिक कई प्रशासनिक फैसले लिए जा सकें।

यूरोप और अफ्रीका के बीच बसा देश स्पेन भी इसी श्रेणी में आता है। इस देश की सीमा से तीन तरह के समुद्र तट लगते हैं। आधुनिकता के साथ-साथ इस देश में द्वीप का प्राकृतिक सौंदर्य भी है। यहां का कैनेरी द्वीप सैलानियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण है, जहां गर्मियों में तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, तो सर्दी में 15 डिग्री रहता है।

दक्षिण यूरोपीय देश इटली के मौसम में भी अच्छी विविधता देखने को मिलती है। वैसे तो यहां ज्यादातर पहाड़ हैं, लेकिन समतल जमीन और बीच भी देखने को मिल जाता है। मौसम के लिहाज से इटली की गिनती दुनिया के अच्छे देशों में होती है।

पश्चिमी यूरोप का सबसे बड़ा देश फ्रांस लगातार तीन सालों तक इंटरनेशनल लिविंग क्वालिटी ऑफ लाइफ इंडेक्स में ऊपर रहा। पहाड़ों के अलावा ये देश तीन तरफ से समुद्र से घिरा हुआ है। एल्प्स में भारी बर्फबारी होती है और काफी तीखी सर्दी पड़ती है। वहीं मेडिटेरिनियन इलाके में गर्मी तेज होती है, लेकिन इन सब के बाद भी तापमान 30 से ऊपर नहीं जाता है।

पूर्वी अफ्रीकी देश तंजानिया का मौसम भी काफी अच्छा रहता है। यहां के सेरेनगेति नेशनल पार्क में तरह-तरह के वन्य जीव और पंक्षी मिलते हैं। वैसे तो इस देश में गर्मी पड़ती है, लेकिन हिंद महासागर के कारण यहां ठंड का असर भी दिखता है। इन देशों के अलावा नेपाल, बोलिविया, इक्वाडोर और अर्जेंटिना को भी मौसम की विविधता लिए देशों में गिना जाता है।

Next Story