दिल्ली-एनसीआर

अश्लील टिप्पणी करने पर युवक की हुई थी हत्या, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
2 July 2022 7:36 PM IST
अश्लील टिप्पणी करने पर युवक की हुई थी हत्या, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़ अपडेट: इंस्टाग्राम पर दोस्त की पत्नी के बारे में अश्लील टिप्पणी करने पर युवक की हत्या करने वाले फरार आरोपित को द्वारका जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के एटा जिले में लगातार ठिकाना बदल रहा था। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने द्वारका से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी एम हर्षवर्धन ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान शक्ति विहार, मोहन गार्डन निवासी सोनू के रूप में हुई है। पिछले साल दिसंबर माह में उत्तम नगर इलाके में शौकत अली नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला कि शौकत अली मजदूरी करता था। अपने साथ काम करने वाले सोहनलाल की पत्नी के बारे में इंस्टाग्राम पर अश्लील टिप्पणी कर दी थी, जिसकी वजह से उसका सोहनलाल से विवाद चल रहा था।

शौकत अली के परिवार वालों ने सोहनलाल और उसके दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद सोहनलाल समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि सोनू भी हत्या के मामले में शामिल है। लेकिन वह फरार हो गया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने सोनू के फोन को सर्विलांस पर लगाया। जिसके जरिए पुलिस को पता चला कि सोनू एटा उत्तर प्रदेश में छुपा हुआ है।

पुलिस ने वहां भी छापेमारी की लेकिन वह फरार हो गया। 30 जून को पुलिस को सोनू के सेक्टर 14 द्वारका में आने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोनू दिल्ली मेट्रो में ठेकेदार का हेल्पर का काम करता था। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

Next Story