दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली एक आदर्श नगर में महिला मित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर युवक की चाकू गोदकर हत्या

Admin Delhi 1
29 Oct 2022 6:27 AM GMT
दिल्ली एक आदर्श नगर में महिला मित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर युवक की चाकू गोदकर हत्या
x

क्राइम न्यूज़: आदर्श नगर इलाके में अपनी महिला मित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का विरोध करने पर एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के समय युवक दवा लेकर घर आ रहा था। घर के पास ही गली में उसकी आरोपी युवक से कहासुनी हो गई। पुलिस ने मामले की छानबीन कर वारदात में शामिल आरोपी को शुक्रवार को इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक की शिनाख्त साबिर(20) के रूप में हुई है।

मूलत: सुल्तानपुर यूपी का रहने वाला साबिर दिल्ली के लालबाग इलाके में किराए के मकान में रहता था। वह पेंट का काम करता था। उसके परिवार वालों ने बताया कि बृहस्पतिवार को उसकी तबियत खराब थी। रात में वह दवा लेने के लिए आजादपुर गया था। रास्ते में उसकी एक युवक से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई। गुस्साए आरोपी युवक ने चाकू निकाल कर साबिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फरार हो गया। हमले की जानकारी मिलने के बाद परिवार वाले वहां पहुंचकर साबिर को पास के अस्पताल में ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करने के बाद आरोपी आजादपुर गांव निवासी अरमान को शुक्रवार को इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

Next Story