दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में कोहरे और शीतलहर को लेकर जारी हुआ येलो अलर्ट, ठण्ड ने किया बुरा हाल

Admin Delhi 1
5 Jan 2023 5:38 AM GMT
दिल्ली में कोहरे और शीतलहर को लेकर जारी हुआ येलो अलर्ट, ठण्ड ने किया बुरा हाल
x

दिल्ली: राजधानी में शीत लहर ने एक बार फिर वापसी कर ली है। इसके साथ ही बुधवार को इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। कंपकपांती सुबह के साथ कई जगहों पर दिन में भी काफी ठंड बनी रही। बुधवार को रिज का न्यूनतम तापमान महज 3.3 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने रिज में शीत लहर की घोषणा कर दी है। अब अगले तीन दिन 5 से 7 जनवरी तक राजधानी के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। शीत लहर के साथ कोहरा भी परेशान करेगा। मौसम विभाग ने 5 से 7 जनवरी के बीच कोहरे और शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

5 के नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान: बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान महज 4.4 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से तीन डिग्री कम है साथ ही यह इस सीजन का सबसे कम तापमान भी है। हवा में नमी का स्तर 59 से 100 प्रतिशत तक रहा।

राजधानी में पालम का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम महज 14 डिग्री, जाफरपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम महज 13.3 डिग्री और लोदी रोड का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम महज 16.3 डिग्री और मयूर विहार का सामान्य से पांच डिग्री कम महज 14.1 डिग्री रहा। इन जगहों पर दिन में शीत लहर की स्थिति बनी रही। वहीं गाजियाबाद का अधिकतम तापमान भी 12.9 डिग्री और नजफगढ़ का 14.9 डिग्री रहा। वहीं रिज का न्यूनतम तापमान महज 3.3 डिग्री पर सिमट गया।


आज भी नहीं मिलेगी ठंड से राहत: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रभाव रह सकता है। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रहेगा। 5 से 7 जनवरी तक कुछ इलाकों में कोहरा और शीत लहर चलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 8 जनवरी से मौसम में सुधार शुरू हो जाएगा। 8 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक आ सकता है। इसके बाद 9 और 10 जनवरी को अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रह सकता है।

स्काईमेट के अनुसार इससे पहले इस सीजन में 26 दिसंबर 2022 को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज हुआ था। बुधवार को न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अब अगले कुछ दिनों तक इतनी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं हैं। 7 जनवरी के आसपास पश्चिमी हिमालय में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। ऐसे में तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा।

Next Story